अज्ञात बदमाशों ने किसान की गेहूँ की फसल में लगाई आग, साल भर की मेहनत हुई राख

सैलाना/रावटी। रतलाम जिले के रावटी थाना क्षेत्र के ग्राम तंबोलिया में एक युवा किसान की साल भर की मेहनत को अज्ञात बदमाशों ने आग के हवाले कर दिया। घटना शनिवार सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जिसमें खेत में काटकर रखी गई गेहूँ की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। इस घटना से किसान परिवार गहरे सदमे में है।

जानकारी के अनुसार ग्राम तंबोलिया निवासी 26 वर्षीय किसान गौरव पिता रमेशचंद पांडे ने बताया कि उन्होंने 13 मार्च को अपने खेत की गेहूँ की फसल काटकर एक जगह ढेर लगाकर रखी थी। 14 मार्च की सुबह करीब 5:15 बजे उनके मित्र धर्मेंद्र का फोन आया कि उनके खेत में रखे गेहूँ के ढेर में आग लगी हुई है।

सूचना मिलते ही किसान तुरंत खेत पर पहुंचे, जहां देखा कि गेहूँ का पूरा ढेर धू-धू कर जल रहा था। आग इतनी तेज थी कि आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक फसल पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। इस घटना में किसान को करीब 40 हजार रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

किसान गौरव पांडे ने रावटी पुलिस थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने बताया कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि गेहूँ के ढेर में आग कैसे लगी। इस घटना से क्षेत्र के किसानों में भी आक्रोश और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी ने जानबूझकर यह कृत्य किया है तो यह एक किसान के साथ-साथ पूरे समाज के लिए गंभीर अपराध है।

पुलिस जांच में जुटी
रावटी पुलिस ने किसान की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। ग्रामीणों ने दोषियों को जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp