सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना में मंगलवार को सैलाना महिला एवं बाल विकास विभाग ने कार्य में लगातार लापरवाही बरतने वाले आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए सेवाएं समाप्त कर दी हैं।
परियोजना सैलाना अंतर्गत किए गए नियमित निरीक्षण में खेरखुटा एवं केदारगढ़ आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यरत कार्यकर्ता श्रीमती पार्वती माईडा एवं दुर्गा भाभर द्वारा विभागीय कार्यों में गंभीर लापरवाही और कर्तव्यों के प्रति उदासीनता पाई गई। रविंद्र मिश्रा सहायक संचालक एवं परियोजना अधिकारी, सैलाना महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रतलाम के जांच में सामने आया कि संबंधित कार्यकर्ताओं ने समय-समय पर दिए गए निर्देशों का पालन नहीं किया और पोषण, स्वास्थ्य तथा बाल विकास योजनाओं के संचालन में अपेक्षित जिम्मेदारी नहीं निभाई।
विभाग द्वारा पूर्व में कई बार चेतावनी एवं सुधार के अवसर दिए जाने के बावजूद कार्यप्रणाली में कोई ठोस सुधार नहीं देखा गया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने उच्च अधिकारियों की स्वीकृति के बाद 16 मार्च 2026 से दोनों कार्यकर्ताओं की सेवाएं समाप्त करने का निर्णय लिया।यह कार्रवाई विभाग द्वारा गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे अन्य कर्मचारियों को भी अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने का संदेश मिलेगा। रविंद्र मिश्रा सहायक संचालक एवं परियोजना अधिकारी, सैलाना महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रतलाम द्वारा बताया गया कि आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण जारी रहेगा।
Author: MP Headlines
















