सैलाना। बड़ौदा के प्रसिद्ध समाजसेवी चिकित्सक डॉ के सी पटेल के जन्मदिवस के अवसर पर श्रीमती रश्मि बेन डॉ के सी पटेल पारमार्थिक सेवा समिति ने सेवा गतिविधि के माध्यम से डॉ पटेल का जन्म दिवस मनाया। समिति द्वारा सैलाना, रतलाम में संचालित सिलाई, कढ़ाई केन्द्रों पर सादे समारोह आयोजित कर डॉ पटेल के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाल कर उनके शतायु होने की कामना की गई।

डॉ पटेल की अगुवाई वाले उक्त ट्रस्ट द्वारा सैलाना और जिला मुख्यालय रतलाम पर महिलाओं और बालिकाओं को स्वावलंबी बनाने की दिशा में सार्थक कार्य किए जाते हैं। दोनों ही जगहों पर सिलाई, मेंहदी, कढ़ाई प्रशिक्षण केंद्र पर क्रमशः 75 और 50 महिलाएं और बालिकाएं निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं।इन्हें अनुभवी प्रशिक्षकाएं प्रशिक्षण प्रदान करती हैं। इन केन्द्रों पर होने वाले सारे खर्च डॉ पटेल वहन करते हैं।
बहरहाल डॉ पटेल के जन्म दिवस के अवसर पर समिति ने दोनों केन्द्रों पर समारोह आयोजित किए। समिति अध्यक्ष समाजसेवी विजय डोशी ने सभी उपस्थितजनों और प्रशिक्षण ले रही महिलाओं और बालिकाओं को डॉ पटेल की जीवनशैली के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने गरीबी को भोगा हैं। वे अभावों में पल कर बड़े हुए और इस मुकाम तक पहुंचे। अब सक्षम हो कर वे मालवांचल में शिक्षा,भरण पोषण,स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी सेवाएं दे रहे हैं। उनके अर्थ सहयोग से कई घरों में चूल्हे जलते हैं। उनकी सेवाएं सदैव यादगार बनी रहेगी। ईश्वर उन्हें शतायु करे। प्रशिक्षण संयोजक शशि छजलानी ने डॉ पटेल के सेवाभावी कार्यों पर प्रकाश डाला और कहा कि उनके मन में हर समय गरीबों के लिए कुछ करने की ललक रहती हैं।

समाजसेवी डोशी की अनुशंसा पर पूरे मालवांचल में डॉ पटेल ने अब तक अनगिनत सेवा कार्य किए हैं।समिति के अतुल रत्न शर्मा ने भी संबोधित किया। प्रशिक्षिका सीमा राठौड़ और सोना ग्वाले ने प्रशिक्षण आगे भी सतत चलाते रहने का आग्रह किया। डॉ पटेल की धर्मपत्नी रश्मि बेन पटेल की ओर से समारोह में सभी प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं और बालिकाओं को सिलाई किट्स प्रदान किए गए। संचालन शशि छजलानी ने और आभार प्रदर्शन मीना शर्मा ने किया।
Author: MP Headlines












