Skip to main content

MP Headlines

सैलाना पुलिस का 15 दिवसीय ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान शुरू, जनता से मांगा सहयोग

सैलाना। युवाओं को नशे की लत से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से सैलाना अनुविभागीय पुलिस द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई तक “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने का भी लक्ष्य रखा गया है।

अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) नीलम बघेल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें” केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ और सुरक्षित समाज की दिशा में सामूहिक संकल्प है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। युवाओं को इससे दूर रखकर ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, शपथ ग्रहण, संवाद एवं जनसंपर्क गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पुलिस द्वारा आमजन को नशे के दुष्परिणामों के साथ-साथ अवैध मादक पदार्थों की पहचान और उनसे बचाव के उपायों की भी जानकारी दी जाएगी।

एसडीओपी नीलम बघेल ने नागरिकों से विशेष अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार, सेवन या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत मध्यप्रदेश पुलिस नारकोटिक्स विंग के हेल्पलाइन नंबर 7049100785 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने जनसहभागिता को अभियान की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी नागरिकों से आह्वान किया है कि वे संकल्प लें—”नशा नहीं करेंगे, नशा नहीं करने देंगे” तथा सैलाना को नशामुक्त और सुरक्षित बनाने में सक्रिय सहयोग करें।

MP Headlines
Author: MP Headlines