Skip to main content

MP Headlines

कालिका माता मंदिर मार्ग पर भव्य सनातन तोरण द्वार बना आकर्षण का केंद्र

 ₹13.50 लाख की लागत से हुआ निर्माण, कन्या पूजन और महाआरती के बाद नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने किया लोकार्पण

सैलाना। नगर के प्रमुख आस्था केंद्र कालिका माता मंदिर के प्रवेश मार्ग पर ₹13.50 लाख की लागत से निर्मित भव्य सनातन तोरण द्वार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन गया है। आकर्षक विद्युत सज्जा से सुसज्जित इस द्वार का लोकार्पण नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ‘लक्की’ ने किया। तोरण द्वार से मंदिर मार्ग की सुंदरता और भव्यता में वृद्धि हुई है।

लोकार्पण कार्यक्रम के पूर्व कालिका माता मंदिर में महाआरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला एवं परिषद के पार्षदों ने नौ कन्याओं और एक भैरवजी का विधि-विधान से पूजन किया। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात नवनिर्मित सनातन तोरण द्वार को आमजन को समर्पित किया गया।

आस्था के केंद्र को मिली भव्य पहचान

इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने कहा कि कालिका माता मंदिर सैलाना नगर सहित आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर के प्रवेश मार्ग पर भव्य सनातन तोरण द्वार के निर्माण और आकर्षक विद्युत सज्जा से मार्ग की सुंदरता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यह द्वार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनने के साथ ही नगर की धार्मिक पहचान को भी नई भव्यता प्रदान करेगा।

जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

कार्यक्रम में नगर परिषद उपाध्यक्ष सुनीता पाठक, पार्षद कुलदीप कुमावत, जगदीश पाटीदार, मुकेश पटेल, राधा पाटीदार, पुष्पा राठौड़, विशाल धबाई एवं मंगलेश कसेरा, एल्डरमेन रवि शर्मा एवं वर्दीचन्द्र पाटीदार, पार्षद प्रतिनिधि राजेश पाटीदार, किशोर कसेरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

MP Headlines
Author: MP Headlines