Skip to main content

MP Headlines

ईद मिलादुन्नबी पर बोहरा समाज ने निकाला भव्य जुलूस

सामाजिक संदेशों से गूंजा नगर, बच्चों ने मोबाइल से दूरी और अन्न बचाने का दिया संदेश

सैलाना। ईद मिलादुन्नबी के पावन अवसर पर रविवार को बोहरा समाज द्वारा नगर में भव्य एवं अनुशासित जुलूस निकाला गया। धार्मिक उल्लास, सामाजिक जागरूकता और सद्भावना का संदेश देता यह जुलूस बोहरा मस्जिद से प्रारंभ होकर राजवाड़ा चौराहा, सब्जी मार्केट, मस्जिद चौराहा, बस स्टैंड एवं रंगबाड़ी मोहल्ले से होते हुए बोहरा बाखल पहुंचकर संपन्न हुआ।

जुलूस में सबसे आगे घुड़सवार हाथों में तिरंगा एवं धार्मिक ध्वज लेकर चल रहे थे। उनके पीछे फखरी स्काउट बैंड के सदस्य मधुर धुनों पर कदमताल करते हुए चल रहे थे। जुलूस में बच्चों की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने हाथों में बैनर लेकर समाज एवं आमजन को महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश दिए। इन संदेशों में मोबाइल से दूरी बनाए रखने, अन्न को व्यर्थ नहीं करने तथा अनुपयोगी कपड़ों को जरूरतमंदों तक पहुंचाने जैसे सामाजिक सरोकार प्रमुख रहे।

धर्मगुरु के संदेशों को जीवन में उतारने का प्रयास
बोहरा समाज द्वारा धर्मगुरु सैय्यदना मुफद्दल सैफुद्दीन के निर्देशानुसार 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को मोबाइल से दूर रखने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही बच्चों को छोटी उम्र से ही अन्न की बर्बादी रोकने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की सीख दी जा रही है। जुलूस में बच्चों द्वारा इन संदेशों का प्रभावी प्रदर्शन समाज की सामाजिक चेतना को दर्शाता नजर आया।

जुलूस में जनाब आमिल साहब मुल्ला हुसैन, शेख हैदर अली, शेख नजमुद्दीन, शेख ताहिर अली, शेख फखरुद्दीन, शेख मुस्तनसिर, शेख हसन अली, समाज के सेक्रेट्री खोजेमा मज़ाकी सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

जगह-जगह हुआ जुलूस का स्वागत
जुलूस का नाला रोड पर विशाल धभाई मित्र मंडल द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। वहीं मस्जिद चौराहे पर केशु निनामा मित्र मंडल ने जुलूस का स्वागत कर समाजजनों को ईद मिलादुन्नबी पर्व की शुभकामनाएं दीं। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते जुलूस के दौरान धार्मिक उल्लास के साथ सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का वातावरण देखने को मिला।

MP Headlines
Author: MP Headlines