Skip to main content

MP Headlines

रतलाम: सोते समय घर में घुसा मगरमच्छ, मां ने 7 साल के बेटे को खिड़की से निकाला बाहर

बाजना तहसील के नवागांव में आधी रात को मचा हड़कंप, महिला की सूझबूझ से मां-बेटे की बची जान

रतलाम। जिले की बाजना तहसील की ग्राम पंचायत कुंदनपुर के ग्राम नवागांव में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मगरमच्छ घर में घुस गया। घर में सीताबाई, पति स्वर्गीय केसु डोडियार, अपने 7 वर्षीय बेटे के साथ सो रही थीं। मगरमच्छ को अपनी ओर बढ़ता देख महिला ने घबराने के बजाय सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उन्होंने पहले अपने बेटे को खिड़की के रास्ते सुरक्षित बाहर निकाला और फिर खुद भी घर से बाहर निकल गईं।

रात करीब 10 बजे हुई घटना

जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे सीताबाई को घर में किसी के आने की आहट सुनाई दी। आंखें खोलकर देखने पर उन्हें सामने अपनी ओर बढ़ता मगरमच्छ दिखाई दिया। खतरे को भांपते हुए उन्होंने बिना शोर किए पहले अपने 7 वर्षीय बेटे को धीरे से उठाया और खिड़की के पास ले जाकर बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह भी सावधानी से खिड़की के रास्ते बाहर निकल गईं।

ग्रामीणों ने मिलकर मगरमच्छ को पकड़ा

घर से बाहर निकलने के बाद सीताबाई ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने लकड़ियों और रस्सियों की मदद से मगरमच्छ को काबू में कर बांध दिया।

महिला की सूझबूझ बनी मिसाल

इस घटना में सीताबाई ने जिस धैर्य और समझदारी से पहले अपने बेटे की सुरक्षा सुनिश्चित की, वह साहस की मिसाल है। घर में मगरमच्छ घुसने की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल रहा।

MP Headlines | रतलाम, मध्य प्रदेश

 

MP Headlines
Author: MP Headlines