कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर संबंधित एसडीएम ने जारी किए आदेश, लंबित शिकायतों और न्यायालयीन मामलों में देरी भी बनी वजह
ग्वालियर, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश में राजस्व कार्यों में लापरवाही को लेकर पटवारियों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। ग्वालियर जिले में एक साथ 19 पटवारियों को निलंबित किए जाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश के बाद संबंधित एसडीएम ने निलंबन के आदेश जारी किए हैं।
बताया गया है कि फार्मर रजिस्ट्री और स्वामित्व योजना के ई-केवाईसी (e-KYC) में धीमी प्रगति, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतें लंबित रखना, न्यायालयीन मामलों में समय पर प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं करना और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी जैसे कारणों से यह कार्रवाई की गई है।
समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

कार्रवाई के बाद कलेक्टर रुचिका चौहान ने राजस्व अमले को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और आम नागरिकों से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
MP Headlines | मध्य प्रदेश की प्रमुख खबरें







