कपास और मक्का की फसल के बीच उगाए जा रहे थे गांजे के पौधे, 17.025 किलोग्राम वजन और कीमत करीब 1.50 लाख रुपये
रतलाम, 10 अक्टूबर 2026। रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिवगढ़ पुलिस ने ग्राम जाम्बुकुड़ी में एक खेत से गांजे के 127 हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 17.025 किलोग्राम बताया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पन्द्रो और एसडीओपी रतलाम ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी सैलाना लेखराज मीणा (आईपीएस) के नेतृत्व में थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक लिलियन मालवीय की टीम ने कार्रवाई की।

मुखबिर की सूचना पर खेत में दबिश
पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम जाम्बुकुड़ी निवासी प्रभुलाल पिता रखमा पारगी ने अपने खेत में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगा रखे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खेत पर पहुंचकर दबिश दी। वहां दो व्यक्ति काम करते मिले, जिन्होंने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों को पकड़कर पूछताछ की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रभुलाल पिता रखमा पारगी (35), निवासी ग्राम जाम्बुकुड़ी, थाना शिवगढ़, जिला रतलाम, तथा प्रकाश पिता विश्राम देवधा (29), निवासी मनासा, थाना शिवगढ़, जिला रतलाम, हाल मुकाम ग्राम जाम्बुकुड़ी के रूप में हुई है।

कपास और मक्का की फसल के बीच मिले पौधे
पुलिस के अनुसार, खेत की तलाशी के दौरान कपास और मक्का की फसल के बीच अलग-अलग स्थानों पर गांजे के हरे पौधे मिले। पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में पौधों की गिनती और जब्ती की कार्रवाई की। कुल 127 पौधे जब्त किए गए, जिनका वजन 17.025 किलोग्राम और अनुमानित कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस मामले में गांजे की अवैध खेती से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लिलियन मालवीय, उपनिरीक्षक प्रतापसिंह भदोरिया, उपनिरीक्षक अजमेरसिंह भुरिया, प्रधान आरक्षक जितेन्द्रपालसिंह राठौर, प्रधान आरक्षक विक्रमसिंह घोसरे, प्रधान आरक्षक रघुवीर सिंह, आरक्षक अनिल सूर्यवंशी, आरक्षक मनीष खराड़ी, महिला आरक्षक सावित्री मकवाने और महिला आरक्षक रेणु डावर की भूमिका रही।
MP Headlines | रतलाम जिला | अपराध समाचार







