50 लीटर हाथ भट्टी मदिरा और 20 पाव देशी शराब भी जब्त, कुल कीमत ₹2.11 लाख से अधिक
रतलाम, 27 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान 50 लीटर हाथ भट्टी मदिरा, 20 पाव देशी मदिरा प्लेन तथा 2 हजार किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया। इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध कुल पांच प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभारी कलेक्टर सुश्री वैशाली जैन के निर्देशन में आबकारी विभाग द्वारा जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में ग्रामीण क्षेत्र बाजना तथा शिवगढ़ के ग्राम खेरदा, पीपलीपाड़ा और नयाखेड़ा में अवैध मदिरा विक्रेताओं के यहां विधिवत तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान अवैध मदिरा और महुआ लहान बरामद किया गया। विभाग ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत कुल पांच प्रकरण दर्ज किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 11 हजार 520 रुपये बताई गई है।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाना है। विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रखी जा रही है।





