रतलाम में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मावा-घी सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
रतलाम, 29 अक्टूबर 2026। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों और संस्थानों का निरीक्षण कर मावा, घी, गुड़ सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए। वहीं, बिना पंजीयन संचालन पाए जाने पर एक मावा भट्टी और मध्यान्ह भोजन संचालित करने वाले स्व सहायता समूह के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती ज्योति बघेल ने जावरा तहसील के ग्राम कलालिया स्थित श्री नीलकंठ दूध डेयरी से मावा एवं घी के दो नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत लिए। निरीक्षण के दौरान डेयरी पर विक्रय के लिए मावा और घी का निर्माण किया जाना पाया गया। इस दौरान प्रोपराइटर को साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य पंजीयन प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री कमलेश जमरा ने पिपलौदा क्षेत्र के ग्राम सेमलखेड़ी स्थित श्री सांवरिया मावा भट्टी से मावा तथा कालूखेड़ा स्थित बजरंग बाजार से गुड़ का नमूना लिया। इसके अलावा ग्राम चिपिया के शासकीय माध्यमिक विद्यालय में मध्यान्ह भोजन संचालित करने वाले इंदिरा गांधी स्व सहायता समूह से पके चावल, कढ़ी एवं आटे के नमूने जांच के लिए लिए गए।

भोपाल प्रयोगशाला भेजे जाएंगे नमूने
खाद्य पदार्थों के सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जाएंगे। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान बिना खाद्य पंजीयन के संचालन पाए जाने पर श्री सांवरिया मावा भट्टी एवं इंदिरा गांधी स्व सहायता समूह के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
MP Headlines | रतलाम, मध्य प्रदेश





