Skip to main content

MP Headlines

मंदसौर क्राइम बुलेटिन: गरोठ में प्रताड़ना के मामले में आत्महत्या, अफजलपुर में ₹80 हजार के अवैध पटाखे जब्त; शामगढ़ में सट्टा कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई

 

MP HEADLINES | क्राइम बुलेटिन, जिला: मंदसौर (मध्य प्रदेश), दिनांक: 30 अक्टूबर 2026

मंदसौर। जिला मंदसौर में पुलिस ने पिछले 24 घंटों के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने, अवैध पटाखों के भंडारण, सट्टा-जुआ, अवैध शराब, धारदार हथियार रखने और मारपीट सहित कई मामलों में प्रकरण दर्ज किए हैं। अफजलपुर पुलिस ने ₹80 हजार के अवैध पटाखे जब्त किए, जबकि शामगढ़ पुलिस ने सट्टा गतिविधियों में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं गरोठ में प्रताड़ना के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज किया गया है।

 

गरोठ: प्रताड़ना के मामले में आत्महत्या, दो आरोपियों पर प्रकरण

गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम दैथलीखुर्द में एक ग्रामीण द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस द्वारा मर्ग जांच के बाद राजू पिता रामलाल मीणा और गणेशराम पिता किशनलाल मीणा, दोनों निवासी दैथलीखुर्द, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों की जांच की जा रही है।

इसी थाना क्षेत्र के ग्राम चचावदा पठारी में कन्हैयालाल बैरागी के घर के सामने विजय पाटीदार, भारतराम, रामबिलास और आदेश पाटीदार पर लाठियों से मारपीट करने का आरोप है। वहीं ग्राम गज्जाखेड़ी में दुर्गाकुंवर के घर में घुसकर तूफानसिंह राजपूत द्वारा गाली-गलौज और मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।

 

अफजलपुर: गोदाम से ₹80 हजार के अवैध पटाखे जब्त

त्योहारों के दौरान अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ अफजलपुर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से दरगाह रोड स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से पटाखे रखे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर करीब ₹80 हजार कीमत के पटाखे जब्त किए।

मौके से दीपक पिता अशोक कुमार जैन (45 वर्ष), निवासी नीम चौक, अफजलपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) तथा भारतीय दंड विधान की धारा 285 एवं 287 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

 

दलौदा: छोटा हाथी वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

दलौदा थाना क्षेत्र में नगरी से पिपलोदी रोड पर सगस बावजी स्थान के सामने सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार छोटा हाथी वाहन क्रमांक MP 43 ZP 2820 की मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार को सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।

इसी थाना क्षेत्र में मोरखेड़ा श्मशान घाट के पास कच्चे रास्ते पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुनीता पति लव चौहान (19 वर्ष), निवासी मोरखेड़ा, के कब्जे से पांच लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की। आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

 

शामगढ़: बस स्टैंड के पीछे सट्टा गतिविधियों पर कार्रवाई, सात आरोपी गिरफ्तार

शामगढ़ पुलिस ने बस स्टैंड के पीछे सट्टा गतिविधियों के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई कीं। पहली कार्रवाई में सन्नी हरिजन, फय्युम, ओम पंजाबी, अमजद, संतोष पाल और लखन खरे को सट्टा अंक लिखने और जुआ गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पकड़ा गया। इनके कब्जे से सट्टा पर्चियां और ₹6,430 नकद जब्त किए गए।

दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने हीरालाल पिता भैरूलाल धोबी (40 वर्ष), निवासी संगोरिया, को सट्टा अंक की खाईवाली करते हुए पकड़ा। उसके कब्जे से सट्टा सामग्री और ₹375 नकद जब्त किए गए। दोनों मामलों में पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धारा 4(ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

 

सीतामऊ: धारदार छुरा लेकर घूम रहा आरोपी गिरफ्तार

सीतामऊ थाना पुलिस ने ग्राम कम्माखेड़ी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए राजेश पिता कचरूलाल चारण (30 वर्ष), निवासी कम्माखेड़ी, को धारदार छुरा लेकर घूमते हुए पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब ₹200 कीमत का छुरा जब्त कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

 

कोतवाली: 79 वर्षीय बुजुर्ग महिला से मारपीट का मामला

कोतवाली थाना क्षेत्र के मदारपुरा में 79 वर्षीय कमलाबाई हरिजन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर पूजा पति दिलीप छपरीबन ने रास्ते में रोककर गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज किया है।

 

भावगढ़: 50 वर्षीय बुजुर्ग पर लाठियों से हमला

भावगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम निम्बोद में सरसोद रोड पर खेत के सामने उदयराम चमार (50 वर्ष) के साथ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते कन्हैयालाल कपासिया ने उन्हें रास्ते में रोककर लाठियों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी।

 

सुवासरा: घर के बाहर युवक पर हमला

सुवासरा थाना क्षेत्र के ग्राम ढाबला भगवान में तोफान सिंह सोंधिया राजपूत (23 वर्ष) के घर के बाहर मारपीट की घटना हुई। शिकायत के अनुसार कृपाल सिंह और कालूसिंह राजपूत ने पुरानी रंजिश को लेकर एकमत होकर लाठियों से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी।

 

नारायणगढ़: खेत में ट्रैक्टर चलाकर प्याज की फसल नष्ट करने का आरोप

नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रिछा में खेत विवाद को लेकर किसान मनीष अहीर (39 वर्ष) की खड़ी प्याज की फसल को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार पीयूष अहीर और नानालाल अहीर ने खेत में ट्रैक्टर चलाकर फसल नष्ट कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

MP HEADLINES | मंदसौर

MP Headlines
Author: MP Headlines