खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलकर मारने का आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू घायल, ASI की रिवॉल्वर छीनकर फायरिंग करने का भी आरोप
देवास। मध्यप्रदेश के देवास जिले में खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस आरोपी को आलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर से गिरफ्तार कर देवास जिले के खातेगांव लेकर आ रही थी। इसी दौरान राजोदा और बरोठा के बीच आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि भागने की कोशिश के दौरान आरोपी ने एक एएसआई की रिवॉल्वर छीन ली और पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी। घायलआरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया।
शराब माफिया के खिलाफ मुख्यमंत्री ने दिए थे सख्त कार्रवाई के निर्देश
इस घटनाक्रम से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में उन्होंने अवैध शराब कारोबार और शराब तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने पुलिस को प्रभावी कार्रवाई के लिए फ्री हैंड देते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात भी कही थी।
शराब दुकानों और सड़कों पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में शराब दुकानों की नियमित जांच, सड़कों पर वाहनों की चेकिंग बढ़ाने और सीमावर्ती जिलों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। साथ ही आबकारी विभाग के साथ समन्वय बनाकर अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने को कहा था।
MP Headlines | मध्यप्रदेश की प्रमुख खबरें



