सांसद अनिता चौहान बोलीं– महिलाएं हर क्षेत्र में निभा रही अग्रणी भूमिका, कलेक्टर अजय कटेसरिया ने बताया प्रदेश का गौरवशाली इतिहास
रतलाम, 1 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को रतलाम के गुलाब चक्कर में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। रतलाम-झाबुआ-अलीराजपुर संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में सामूहिक वंदे मातरम् गायन, मध्यप्रदेश गान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। इस दौरान अतिथियों ने किसानों एवं मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं : सांसद चौहान
सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश का वर्तमान परिदृश्य पूरी तरह बदल चुका है। प्रदेश कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। महिलाएं पंच से लेकर सरपंच और नौकरी के क्षेत्र तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं। आज महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और बच्चे शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ रहे हैं।

राजा भोज और विक्रमादित्य ने प्रदेश को दी नई पहचान : कलेक्टर
कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने कहा कि मध्यप्रदेश का इतिहास गौरवशाली रहा है। अवंतिका का प्राचीन समय से विशेष महत्व रहा है। राजा भोज और सम्राट विक्रमादित्य जैसे शासकों ने इस क्षेत्र को नई पहचान और ऊंचाइयां प्रदान कीं। उन्होंने बताया कि विभिन्न रियासतों के एकीकरण के बाद 1 नवंबर 1956 को मध्यप्रदेश का गठन हुआ। प्रदेश ने अब तक अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं और भविष्य में भी विकास की नई ऊंचाइयां छुएगा।
महापौर श्री प्रहलाद पटेल ने प्रदेश की नदियों, उपजाऊ मिट्टी और कृषि, सिंचाई, उद्योग एवं पेयजल में उनके महत्व पर प्रकाश डाला। जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि नई सोच और नई गति के साथ मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
तीन किसानों को मिले बड़े पुरस्कार
किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित ऑनलाइन कृषि क्विज में चयनित जिले के तीन किसानों को पुरस्कृत किया गया।
- प्रथम पुरस्कार: जितेंद्र गुर्जर, ग्राम रिंगनोद, तहसील जावरा – ट्रैक्टर।
- द्वितीय पुरस्कार: राम राठौर, ग्राम सिनोद, तहसील रतलाम – बुलेट।
- तृतीय पुरस्कार: कृष्णपाल सिंह डोडिया, ग्राम लोद, तहसील जावरा – ई-स्कूटी।
भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना प्रतियोगिता के अंतर्गत दो प्रतिभागियों को एक-एक लाख रुपये के चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें शासकीय महाविद्यालय बाजना की छात्रा कु. दीक्षा सोनी तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरड़िया गोयल के विद्यार्थी पुष्कर बोरिया शामिल हैं।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में नगर निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य श्री विप्लव जैन, आरडीए अध्यक्ष श्री मनोहर पोरवाल, डीआईजी श्री निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश शासन की विभिन्न योजनाओं, गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी प्रदर्शित की गई।



