Skip to main content

MP Headlines

खाद्यान्न वितरण में लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई करें : कलेक्टर कटेसरिया

कम राशन वितरण पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी, दुकानवार समीक्षा कर जिम्मेदारी तय करने के दिए निर्देश

रतलाम, 2 नवंबर 2026। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण में लापरवाही बरतने वाली उचित मूल्य दुकानों के खिलाफ अब कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने साप्ताहिक अंतरविभागीय समीक्षा बैठक में कम राशन वितरण पर नाराजगी जताते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO) को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जिन उचित मूल्य दुकानों पर पात्र हितग्राहियों को कम खाद्यान्न वितरित किया जा रहा है, उनकी दुकानवार जानकारी तैयार की जाए और सबसे कम वितरण करने वाली दुकानों को चिन्हित कर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने सैलाना, रतलाम एवं बाजना क्षेत्र में खाद्यान्न वितरण की स्थिति असंतोषजनक बताते हुए सुधार के निर्देश दिए। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में कम राशन वितरण को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को वितरण व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कहा।

इन गांवों में सबसे कम हुआ खाद्यान्न वितरण

जनपद पंचायत बाजना:

– आमलीपाड़ा

– तम्बोलिया

– कुंडियापाड़ा

– जाबड़

– रूपापाड़ा

 

जनपद पंचायत रतलाम:

– नौगांवाजागीर

– ईटावाखुर्द

– तितरी

– बिबड़ोद

– रामपुरिया

 

जनपद पंचायत सैलाना:

– कांगसी

– कोटड़ा

– पुनियाखेड़ी

– वाली

– भामट

 

भूमि आवंटन और स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा

बैठक में कलेक्टर ने जमीन आवंटन से संबंधित प्रकरणों में जिला अधिकारियों को तहसीलदार के साथ मौके पर जाकर भूमि का निरीक्षण करने तथा आवंटन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को तहसीलदार से सीधे समन्वय स्थापित करने को कहा।

वहीं, स्वास्थ्य विभाग को बाजना में मेटरनिटी वार्ड निर्माण का कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

 

MP Headlines | रतलाम

MP Headlines
Author: MP Headlines