कलेक्टर श्री कटेसरिया ने नशा मुक्ति के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं की जानकारी राज्य स्तर पर भेजने के दिए निर्देश
रतलाम, 4 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय ‘समत्व’ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में कानून व्यवस्था, आगामी त्योहारों की तैयारियों, नशा विरोधी अभियान, नारकोटिक्स नियंत्रण संबंधी कार्रवाई तथा खाद-बीज के भंडारण एवं वितरण की प्रगति की समीक्षा की।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान रतलाम कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने सामाजिक न्याय विभाग को निर्देशित किया कि जिले में नशा मुक्ति के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं की विस्तृत जानकारी संकलित कर राज्य स्तर पर भेजी जाए, ताकि इन संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों और गतिविधियों की जानकारी शासन को उपलब्ध हो सके।
26 जनवरी को मिलेगा उत्कृष्ट कार्य का पुरस्कार
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों एवं अधिकारियों को आगामी 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान रतलाम एनआईसी कक्ष में डीआईजी श्री निमिष अग्रवाल, कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



