रतलाम सहित 5 समीपवर्ती जिलों की राजस्व सीमाओं से किया निष्कासित, कलेक्टर ने जारी किया आदेश
रतलाम। जिले में अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 के तहत अवैध मदिरा कारोबार में संलिप्त राजाराम पिता रामचन्द्र जाट, निवासी ग्राम रघुनाथगढ़, थाना नामली के विरुद्ध जिलाबदर की कार्रवाई की है।
जारी आदेश के अनुसार राजाराम को आगामी 6 माह की अवधि के लिए रतलाम जिले के साथ ही समीपवर्ती उज्जैन, आगर, धार, झाबुआ एवं मंदसौर जिलों की संपूर्ण राजस्व सीमाओं से निष्कासित किया गया है।
अवैध शराब कारोबार पर प्रशासन की नजर

जिला प्रशासन के अनुसार अवैध शराब के कारोबार में बार-बार संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और मिलावटी एवं विषाक्त शराब से होने वाली जनहानि को रोकना है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Author: MP Headlines










