Skip to main content

MP Headlines

ग्राम कनेरी में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई वीरांगना झलकारी बाई की जयंती, सामाजिक संगठनों ने किया नमन

कनेरी। ग्राम कनेरी में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना झलकारी बाई की जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। आदिवासी एकता परिषद, अखिल भारतीय भील समाज, जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस), आदिवासी छात्र संगठन, महाराणा पूजा भील जनकल्याण संगठन, वीर एकलव्य आदिवासी सामाजिक सेवा संस्था रतलाम, मध्यप्रदेश अजाक्स संगठन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ वीरांगना झलकारी बाई के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित समाजजनों ने उनके अदम्य साहस, वीरता, संघर्ष और देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

 

वक्ताओं ने वीरांगना झलकारी बाई के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 22 नवंबर 1830 को एक साधारण कोली परिवार में हुआ था। उन्होंने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के विरुद्ध अद्भुत वीरता का परिचय दिया। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के साथ उनके योगदान और बलिदान की गाथा आज भी देशवासियों को प्रेरणा देती है।

 

उनके साहस और शौर्य की गाथाएं आज भी बुंदेलखंड के लोकगीतों एवं लोकगाथाओं में जीवंत हैं। राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त ने भी अपनी कविता में उनकी वीरता का उल्लेख करते हुए लिखा है—

 

“जाकर रण में ललकारी थी,

वह तो झांसी की झलकारी थी।”

 

उनके बचपन से जुड़ी वीरता की घटनाओं का उल्लेख करते हुए बताया गया कि एक बार जंगल में लकड़ियां लेने के दौरान उनका सामना खूंखार बाघ से हो गया था। उन्होंने अपनी कुल्हाड़ी से बाघ का मुकाबला कर उसे मार गिराया था। उनका जीवन साहस, संघर्ष और नारी शक्ति का प्रतीक है।

 

कार्यक्रम में कैलाश सिंगाड़, सौरभ सिंह डोडिया, विकास डामर, प्रदीप डामर, पप्पू डामर, रंजीत डामर, राहुल भूरिया, विजय डामर, पन्नालाल डामर, अनिल सिंह, अमित गरवाल, सुमित भूरिया, सुनील मुनिया, जितेंद्र भाभर, हीरालाल गामड़, भोला भाभर, रानी भाभर, रंजीता निनामा एवं समाजसेवी सूरतलाल डामर सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

 

अंत में उपस्थितजनों ने वीरांगना झलकारी बाई के त्याग, बलिदान और वीरता को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

MP Headlines
Author: MP Headlines