गुरुपूर्णिमा पर लिया था 1008 पौधे लगाने का संकल्प, रविवार को हुआ पूरा

अब पौधों को जीवित रखने का संकल्प, हर रविवार होगी देखभाल

नामली। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री श्री 1008 श्री मंगलदास जी महाराज के आशीर्वाद से श्री हरिवंश वृक्षारोपण समिति द्वारा लिया गया 1008 पौधे लगाने का संकल्प रविवार को पूरा हो गया। समिति ने पौधारोपण के साथ अब इन पौधों को जीवित रखने और उनकी नियमित देखभाल का नया संकल्प लिया है।

श्री श्री 1008 मंगलदास जी महाराज भले ही अब देह रूप में हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके आशीर्वाद, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए समिति ने यह अभियान शुरू किया था। समिति सदस्यों और नगरवासियों के सहयोग से श्री गोपाल गौशाला से लेकर नामली के श्री हरदेश्वर महादेव मंदिर तक 1008 पौधों का पौधारोपण किया गया।

पौधे लगाना ही नहीं, उन्हें बड़ा करना भी जिम्मेदारी

समिति सदस्यों ने कहा कि यह अभियान केवल 1008 पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि 1008 पौधों को जीवन देने का संकल्प है। पौधे लगाना आसान है, लेकिन उन्हें सुरक्षित रखते हुए बड़ा करना और नियमित देखभाल करना वास्तविक जिम्मेदारी है।

अक्सर पौधारोपण के बाद देखभाल के अभाव में पौधे सूख जाते हैं। इसी परंपरा को बदलने के उद्देश्य से श्री हरिवंश वृक्षारोपण समिति ने पौधों की नियमित निगरानी और देखभाल का निर्णय लिया है।

हर रविवार होगी पौधों की देखभाल

समिति के सदस्य अब प्रत्येक रविवार पौधों की देखभाल करेंगे। इस दौरान पौधों को पानी देना, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना, ट्री-गार्ड की स्थिति देखना तथा आवश्यकता के अनुसार अन्य व्यवस्थाएं करना शामिल रहेगा।

समिति संचालक भगवती (लखन) कुमावत एवं विपील गेहलोत सहित समिति सदस्यों ने अभियान की सफलता में सहयोग देने वाले सभी नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही 1008 पौधों का संकल्प पूरा हो सका है और अब सभी के सहयोग से इन पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित किया जाएगा।

MP Headlines
Author: MP Headlines