नामली में 35वां शिक्षक सम्मान समारोह सम्पन्न, श्रेष्ठ शिक्षकों और प्रतिभावान विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

शिक्षक की महिमा पर वक्ताओं ने डाला प्रकाश, पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता का आह्वान

नामली। शिक्षक सम्मान समारोह समिति द्वारा 35वां शिक्षक सम्मान समारोह एवं संपूर्ण संकुल क्षेत्र के प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा चयनित श्रेष्ठ शिक्षकों का सम्मान समारोह संदीपनी एकीकृत हाई सेकेंडरी संकुल सभागृह, नामली में आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षकों के योगदान और विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि श्री अशोक पाटीदार रहे। अध्यक्षता पूज्य गुरुदेव दिनेश जी व्यास महाराज ने की। विशेष अतिथियों के रूप में अभिभाषक श्री नीरज सक्सेना, पूर्व डीएसपी श्री आर.बी. दीक्षित, पूर्व एसडीओपी श्री एच.एस. परमार, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती अनीता रजनीश परिहार, उपाध्यक्ष पूजा श्रीनाथ योगी तथा नामली महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.एस. फिरोजिया उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में समिति अध्यक्ष श्री अशोक कसेरा, उपाध्यक्ष श्री राजेश भरावा सहित समिति पदाधिकारियों ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

मुख्य अतिथि श्री अशोक पाटीदार ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे वृक्षारोपण अभियान की जानकारी देते हुए भाई-बहन की पहाड़ी, बाजना रोड पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिलेवासियों से सहभागी बनने का आह्वान किया।

समारोह अध्यक्ष पूज्य गुरुदेव दिनेश जी व्यास महाराज ने शिक्षक की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व एवं भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समिति के मुख्य संरक्षक श्री नरेंद्र सोनावा ने समारोह के दौरान 11 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा की। वहीं समिति के वरिष्ठ सदस्यों एवं संरक्षकों श्री बाबूलाल कर्णधार, किशोर सिंह पवार, सत्येंद्र परिहार, भंवर सिंह सिसोदिया, जोगीलाल पांचाल, कीर्ति कुमार जायसवाल एवं श्रीनाथ योगी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

श्रेष्ठ शिक्षक एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान

शिक्षक सम्मान समारोह समिति द्वारा इस वर्ष श्रेष्ठ शिक्षक के रूप में श्रीमती किरण अहिरवार को सम्मानित किया गया। वहीं सेवानिवृत्त शिक्षकों श्रीमती वंदना श्रीवास्तव, श्रीमती शारदा मालवीय, श्री सुरेंद्र चंद्र शर्मा, श्रीमती दिया सिमोन एवं श्री दशरथ लाल पाटीदार का भी सम्मान किया गया।

प्रतिभावान विद्यार्थियों में कु. लक्ष्मी कुंवर भारोड़ा, कु. रीतिका नौगावा कला, कु. गुनगुन हाई स्कूल नामली, कु. तनीषा हायर सेकेंडरी पंचेड़, कु. प्रेरणा पलदुना, संदीपनी एकीकृत विद्यालय नामली के कृष्णा दानेरिया एवं आंचल राठौड़ को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नामली महाविद्यालय की प्राध्यापक श्रीमती शोभा राठौर को भी समिति द्वारा सम्मानित किया गया।

समारोह में समिति पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। समिति का प्रतिवेदन एवं आभार प्रदर्शन समिति सचिव श्री हरि सिंह पंवार ने किया।

MP Headlines
Author: MP Headlines