तीन दिवसीय महोत्सव के अंतिम दिन निकला चल समारोह, धर्मसभा में साध्वीश्री ने बताई तप की महिमा
सैलाना। श्री सैलाना जैन मूर्तिपूजक श्रीसंघ में मुनिसुव्रत तप की 40 दिवसीय तपस्या की पूर्णाहुति के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव का शनिवार को धार्मिक उल्लास के साथ समापन हुआ। अंतिम दिन साध्वीवर्या श्री चारूदर्शा श्रीजी म. सा., श्री विधिता श्रीजी म. सा. एवं श्री प्रभूता श्रीजी म. सा. की निश्रा में 48 तपस्वियों का शासन माता पूजन, पारणा एवं बहुमान समारोह आयोजित किया गया।

दोनों जिन मंदिरों में हुआ शासन माता पूजन
महोत्सव के अंतिम दिन साध्वीवर्या श्रीजी के सानिध्य में नगर के दोनों जिन मंदिरों में शासन माता पूजन का विधान संपन्न कराया गया। इस दौरान शासन माता को आभूषण अर्पित किए गए। पूजन का लाभ सम्पतबाई शांतिलालजी चण्डालिया परिवार ने लिया।
इसके बाद ढोल की मधुर गूंज के बीच भव्य चल समारोह निकाला गया। इसमें सभी तपस्वियों के साथ श्रीसंघ के सदस्य एवं श्रद्धालु शामिल हुए। चल समारोह जैन धर्मशाला पहुंचा, जहां तपस्वियों के बहुमान एवं पारणा से पूर्व धर्मसभा आयोजित की गई।

तप आत्मा के उत्थान का माध्यम : साध्वीश्री
धर्मसभा में साध्वीश्री ने तप की महिमा बताते हुए कहा कि तप केवल शरीर की शुद्धि का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आत्मा के उत्थान का महत्वपूर्ण कारण भी है। तपस्वी जिन शासन के सच्चे सेवक हैं। तप के माध्यम से मन एवं आत्मा की शुद्धि संभव है और व्यक्ति अपने जीवन को आध्यात्मिक दिशा प्रदान कर सकता है।
प्रवचन के पश्चात सभी 48 तपस्वियों का बहुमान किया गया तथा विधिवत पारणा कराया गया। पारणा का लाभ श्री रामलालजी, संजयजी एवं तरुणजी बाफना परिवार ने लिया।

जिन भक्ति में देर तक लीन रहे श्रद्धालु
महोत्सव की पूर्व संध्या पर प्रभु जिन भक्ति का आयोजन भी किया गया। संगीतकार वैभव सियार एवं नगर की उभरती बाल प्रतिभा तन्मय परिहार ने अरिहंत परमात्मा के स्तवन प्रस्तुत किए। भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु देर तक जिन भक्ति में लीन रहे।
कार्यक्रम में चातुर्मास समिति अध्यक्ष प्रियंक चण्डालिया, राजेश चण्डालिया, इंद्रेश चण्डालिया, तरुण बाफना, पवन चण्डालिया, विकास चण्डालिया, अंकुर चण्डालिया, अंकित कोठारी, पंकज चण्डालिया, निर्मल कोठारी, आकाश भंडारी, यश चण्डालिया, हर्ष मेहता, अपूर्व नाहटा सहित श्रीसंघ के अनेक सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वैभव जैन ने किया तथा आभार शुभम मेहता ने माना।
Author: MP Headlines
