सैलाना क्षेत्र में रतलाम के प्रॉपर्टी कारोबारी ने जहरीला पदार्थ खाकर दी जान

परिजनों को फोन कर बताया था—जहर खा लिया है, सैलाना के ढाबे पर हूं; उपचार के दौरान मौत

रतलाम/सैलाना। रतलाम के नागरवास निवासी प्रॉपर्टी ब्रोकर मनोज गादिया ने सैलाना क्षेत्र में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। गंभीर हालत में उन्हें सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर किया गया। उपचार के दौरान रविवार सुबह उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मनोज गादिया शनिवार रात रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग स्थित हरियाली ढाबे पर पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने परिजनों को फोन कर जहरीला पदार्थ सेवन करने की जानकारी दी और बताया कि वे सैलाना क्षेत्र के एक ढाबे पर हैं। सूचना मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस ने सैलाना क्षेत्र के ढाबों पर तलाश शुरू की। रात करीब 11 बजे मनोज हरियाली ढाबे पर मिले। गंभीर हालत में उन्हें डायल-112 की मदद से सैलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार मनोज के इस कदम के पीछे क्या कारण रहा, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। उनके पास से किसी सुसाइड नोट के मिलने की भी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।

25 दिन में जिले में दूसरे कारोबारी की मौत

गौरतलब है कि करीब 25 दिन पहले रतलाम के सराफा कारोबारी रवि मोठिया की भी जहरीला पदार्थ सेवन करने से मौत हुई थी। लगातार दो कारोबारियों की आत्महत्या की घटनाओं से व्यापारिक क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है। हालांकि दोनों मामलों के कारण अलग-अलग हैं या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

MP Headlines
Author: MP Headlines