सैलाना। सैलाना नगर स्थित कीर्ति विहार कॉलोनी की विद्युत समस्या को लेकर सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने अधीक्षण यंत्री, मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, जिला रतलाम को पत्र लिखकर त्वरित समाधान की मांग की है। विधायक डोडियार ने पत्र क्रमांक 55/VIP/2026 दिनांक 27 जनवरी 2026 को भेजते हुए कीर्ति विहार कॉलोनी की विद्युत आपूर्ति को सकरावदा फीडर से हटाकर सैलाना फीडर से जोड़ने का अनुरोध किया है।
पत्र में विधायक ने उल्लेख किया कि कीर्ति विहार कॉलोनी सैलाना नगर की सीमा में स्थित है तथा विद्युत वितरण कंपनी के सैलाना कार्यालय से मात्र लगभग 500 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद कॉलोनी की विद्युत आपूर्ति ग्रामीण क्षेत्र के सकरावदा फीडर से की जा रही है, जिसके कारण आए दिन फॉल्ट रहती है जिससे लाइटें अक्सर बंद रहती हैं, जिसका फायदा चोर भी उठा रहे हैं और लो-वोल्टेज की गंभीर समस्याएं बनी रहती हैं।
विधायक डोडियार ने बताया कि सैलाना नगर की संपूर्ण विद्युत आपूर्ति सैलाना फीडर से संचालित होती है, ऐसे में शहरी क्षेत्र में स्थित कीर्ति विहार कॉलोनी को ग्रामीण फीडर से जोड़ा जाना व्यावहारिक नहीं है। इससे कॉलोनीवासियों को दैनिक जीवन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए विद्युत विभाग से आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्रवाई कर कॉलोनी की बिजली व्यवस्था सैलाना फीडर से जोड़ने के निर्देश जारी करने की मांग की है। साथ ही शीघ्र कार्रवाई कर उन्हें अवगत कराने का आग्रह भी किया है।

Author: MP Headlines





















