151वीं जयंती पर सागोद रोड स्थित बिरसा मुंडा चौराहे पर हुआ समारोह, जनजातीय संस्कृति की झलक के साथ बच्चों ने दी आकर्षक प्रस्तुतियां
रतलाम। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को जनजातीय गौरव दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सागोद रोड स्थित भील धर्मशाला के समीप भगवान बिरसा मुंडा चौराहे पर समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप शामिल हुए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया

कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय आयोजन का सीधा प्रसारण किया गया। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन को उपस्थितजनों ने देखा और सुना। समारोह का शुभारंभ सामूहिक वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ।
जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की दिखी झलक
समारोह स्थल पर जनजातीय समाज के पारंपरिक शस्त्रों, उपकरणों, उपज एवं खाद्यान्न की प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की जानकारी ली। वहीं जनजातीय समाज के बच्चों ने पारंपरिक गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। कलापथक दल रतलाम ने लोकगीतों की प्रस्तुति देकर समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
इस अवसर पर 53वीं बाल नवाचार प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेने वाले प्रतिभागी करण भूरिया को अतिथियों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।

भगवान बिरसा मुंडा के विचारों से लें प्रेरणा : मंत्री काश्यप
कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को भगवान के रूप में स्मरण किया जाता है। उन्होंने निस्वार्थ भाव से मानव कल्याण के लिए अपना योगदान दिया। संकल्प के साथ जनजातीय समाज के उत्थान और शिक्षा के प्रसार के लिए कार्य किया। अंग्रेजों के शासनकाल में उन्होंने क्रांति का मार्ग अपनाकर समाज में शिक्षा और संस्कारों की अलख जगाई। उनके विचार आज भी हम सभी को समाज के उत्थान के लिए प्रेरित करते हैं।

मंत्री काश्यप ने कहा कि सरकार जनजातीय समाज को नए अवसर उपलब्ध कराने, उनके उत्थान और बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सिकल सेल उन्मूलन के लिए भी राज्यपाल द्वारा संकल्प लेकर कार्य किया जा रहा है।
जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि पूरे देश में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। वनवासी क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। जनजातीय समाज को आगे बढ़ाने और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।

ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कलेक्टर अजय कटेसरिया, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य प्रदीप उपाध्याय, आरडीए अध्यक्ष मनोहर पोरवाल, सहायक आयुक्त प्रियंका राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के नागरिक उपस्थित रहे।
इसके अलावा जयवंत कोठारी, प्रहलाद राठौर, जुबिन जैन, राजेंद्र पाटीदार, पवन सोमानी, अरुण त्रिपाठी, नीलेश बाफना, प्रवीण सोनी, गोविन्द काकानी, धर्मेन्द्र सिंह देवड़ा, नंदकिशोर पंवार, संदीप यादव, तनमय त्रिवेदी तथा पार्षद अनीता कटारा, मनोहर सोनी एवं रणजीत टांक सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।







