सैलाना में कालिका माता मंदिर प्रांगण में पांच दिवसीय मेले का शुभारंभ

आज मंगलवार को प्रसिद्ध भजन गायक प्रेमशंकर जाट देंगे प्रस्तुति, आसपास के गांवों से उमड़ेगा जनसैलाब

सैलाना। सैलाना नगर में प्रतिवर्ष अनुसार प्रसिद्ध कालिका माता मंदिर प्रांगण में आयोजित पांच दिवसीय भव्य मेले का शुभारंभ सोमवार देर शाम हर्षोल्लास के साथ किया गया। नगर परिषद द्वारा आयोजित इस मेले को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और आगामी दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

मेला समिति अध्यक्ष राधाबाई बद्रीलाल काग ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनें और इसे सफल बनाएं।

मेले में प्रवेश करते ही रंग-बिरंगी रोशनी, झूले-चकरी, स्वादिष्ट व्यंजनों की दुकानों और विभिन्न व्यापारिक स्टॉलों से सजा परिसर आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर वर्ग के लिए मनोरंजन और आस्था का यह संगम एक उत्सव का रूप ले चुका है।

मेले का शुभारंभ नगर परिषद अध्यक्ष चेतन्य शुक्ला की उपस्थिति में मेला समिति अध्यक्ष राधाबाई बद्रीलाल काग द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष सुनीता पाठक, सभी पार्षद जगदीश पाटीदार, मीरा राजेश पाटीदार, मंगलेश कसेरा, पुष्पा राठौर, कृष्ण चंदेल, आशा  कसेरा, मुकेश पटेल, सीएमओ मनोज शर्मा, मेला प्रभारी धीरज रावत, भीमसेन लहरी सहित कर्मचारी मौजूद रहे।
मेला समिति अध्यक्ष काग ने बताया  कि मंगलवार को मेले का मुख्य आकर्षण भव्य भजन संध्या होगी, जिसमें सांवरिया सेठ के भजनों की मधुर प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर देंगी। इस अवसर पर ख्याति प्राप्त भजन गायक प्रेमशंकर जाट अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे, जिसे लेकर  जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

आयोजन में धामनोद, डेलनपुर, बोदीना, भैंसाडाबर, मचून, करिया, आंबा, शेरपुर, पिपलौदा और सरवन सहित आसपास के अनेक गांवों से श्रद्धालुओं और भजन प्रेमियों के बड़ी संख्या में शामिल होने की उम्मीद है। आयोजकों के अनुसार, मेले के दौरान भजन संध्या के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनका उद्देश्य क्षेत्रीय परंपराओं को सहेजना और समाज को एक सूत्र में बांधना है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp