पांचवीं अनुसूची क्षेत्र के गढ़ खंखाई माताजी मेले में अनियमितताओं का बड़ा खुलासा!

विधायक ने कलेक्टर-एसपी को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की उठाई मांग…

रतलाम/सैलाना। सैलाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने तहसील बाजना अंतर्गत गढ़खंखाई राजापुर में आयोजित माताजी के मेले को लेकर जिला प्रशासन के समक्ष गंभीर मुद्दे उठाए हैं। उन्होंने कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार रतलाम को पत्र प्रेषित कर मेले के दौरान आदिवासी समुदाय के साथ कथित दुर्व्यवहार, भेदभावपूर्ण रवैये, आर्थिक अनियमितताओं तथा असामाजिक तत्वों की सक्रियता की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

विधायक ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि राजापुर का यह मेला आदिवासी समाज की आस्था से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है, जो पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में आयोजित होता है। यहां आदिवासी समुदाय को विशेष संवैधानिक संरक्षण प्राप्त है, इसके बावजूद मेले के दौरान मंदिर समिति, प्रशासनिक अमले एवं कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा आदिवासियों के साथ दुर्व्यवहार एवं भेदभावपूर्ण व्यवहार किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि आदिवासी दुकानदारों को कथित रूप से धमकाकर उनकी दुकानें बंद करवाई जा रही हैं, जिससे एक वर्ग विशेष को अनुचित लाभ पहुंचाया जा सके। साथ ही गांव पंचायत द्वारा मेले के संचालन में अनावश्यक हस्तक्षेप कर आयोजन को बाधित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आदिवासी समाज में आक्रोश व्याप्त है।

विधायक ने मंदिर संचालन एवं दान राशि को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पिछले वर्षों से आर्थिक अनियमितताओं एवं संभावित घोटाले की आशंका जताते हुए अब तक किसी प्रकार की पारदर्शी जांच नहीं होने पर चिंता व्यक्त की है।

डोडियार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही मेले में सक्रिय असामाजिक तत्वों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करते हुए शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए जाये।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp