तिलक, स्वागत और उमंग के साथ गूंजा “प्रवेश उत्सव” — सांदीपनि विद्यालय सैलाना में नव सत्र का भव्य आगाज़

सैलाना। नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित सांदीपनि विद्यालय सैलाना में प्रवेश उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। पूरे विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जहां नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, पुष्पमाला, गणवेश एवं पुस्तकों के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष कैलाशी चारेल, सेवानिवृत्त व्याख्याता मानसिंह डामोर, प्राचार्य वीरेंद्र मिंडा, वरिष्ठ व्याख्याता शैलजा दवे, प्रवेश संयोजक डॉ. राजेश सोनी, सुमन राठौर एवं जयश्री शर्मा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि कैलाशी चारेल ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करती है।” उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित उपस्थिति, अनुशासन और लगन से अध्ययन करने की प्रेरणा दी, साथ ही शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

सेवानिवृत्त व्याख्याता मानसिंह डामोर ने बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए मेहनत, संस्कार और अनुशासन को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।
प्राचार्य वीरेंद्र मिंडा ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का समग्र विकास करना है। उन्होंने नवप्रवेशी छात्रों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासित और लक्ष्य-केन्द्रित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में 85% से अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों का विशेष सम्मान किया गया, जिससे शिक्षा के प्रति उनकी जागरूकता को सराहा गया। वहीं, सोनम सेंगर के निर्देशन में छात्राओं द्वारा “स्कूल चले अभियान” पर आधारित आकर्षक नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
अंत में अतिथियों एवं अभिभावकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन जयश्री शर्मा ने किया एवं आभार प्रदर्शन शैलजा दवे द्वारा किया गया। विद्यालय परिवार ने यह संदेश दिया कि हर बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही उनका सर्वोच्च लक्ष्य है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp