सैलाना। नगर में स्थित प्राचीन मोहलिया हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती का पर्व बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर को लेकर मंदिर परिसर में एक दिन पूर्व से ही तैयारियां प्रारंभ हो गई थीं। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।
गुरुवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिर में आगमन शुरू हो गया था। भक्तों ने भगवान हनुमान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दिनभर मंदिर में पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा। श्रद्धालुओं द्वारा विधि-विधान से हवन-पूजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने सहभागिता निभाई।
इसके पश्चात भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से भरा रहा और पूरा वातावरण “जय श्रीराम” व “हनुमान जी की जय” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से आरती में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों की सक्रिय उपस्थिति रही। कार्यक्रम में अशोक चंडालिया, कारू लाल ग्वाले, नंदलाल बैरागी, पंकज राठौड़, मनीष चंदेल, जीवन चंदेल, लक्ष्मीनारायण लक्ष्कार, कांतिलाल कुमावत, पीयूष शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
Author: MP Headlines

















