रतलाम 3 अप्रैल/ जिले में निजी विद्यालयों की मनमानी पर रोक लगाने के लिए मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के आदेशानुसार कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा निरीक्षण दलो का गठन किया गया है । सत्र प्रारंभ में अशासकीय विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों द्वारा क्रय की जाने वाली पुस्तके, स्टेशनरी, यूनिफॉर्म, शूज इत्यादि किसी विशेष दुकान अथवा विद्यालय से क्रय किए जाने हेतु बाध्य किए जाने के संबंध में गठित दलों द्वारा सतत भ्रमण कर निगरानी रखी जायेगी। शिकायत प्राप्त होने पर दल द्वारा जांच की गाएगी। जांच में दोषी पाये जाने पर विधि अनुसार कार्यवाही की जाएगी ।
जिला स्तरीय दल में जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक संचालक शिक्षा, जिला परियोजना समन्वयक को शामिल किया गया है । जिला स्तरीय दल द्वारा संपूर्ण जिले के विद्यालय एवं दुकानों का निरीक्षण किया जाएगा। विकासखंड रतलाम, जावरा, पिपलोदा, आलोट, सैलाना, बाजना में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, संबंधित संकुल प्राचार्य एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयक जनपद शिक्षा केंद्र को दल मे सदस्य बनाया गया है ।दल द्वारा विद्यालयों एवं दुकानों का सतत निरीक्षण एवं जांच की जाएगी।
बी ई ओ एवं बी आर सी संकुल प्राचार्य के साथ संयुक्त रूप से उनके संकुलाधीन समस्त अशासकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर पाठ्यपुस्तक विक्रेताओं, गणवेश विक्रेताओं की दुकानो का निरीक्षण कर प्रतिवेदन जिला शिक्षा अधिकारी को प्रस्तुत करेंगे।
Author: MP Headlines

















