सैलाना। पुस्तकें हमारी सबसे अच्छी दोस्त होती हैं। पुस्तकें अनुभवों की कहानी कहती है। पुस्तकें हमारी कल्पना शक्ति को नई उड़ान देती हैं। पुस्तकें हमारे आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का पॉवर हाउस होती हैं। पुस्तकें हमारे इतिहास और संस्कृति की अनमोल धरोहर को संजोए हुए है। इसलिए हमें पुस्तकों से जुड़ना चाहिए और निरंतर अध्ययन मनन करते रहना चाहिए इससे हमारे ज्ञान में वृद्धि होती है। पुस्तकों के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के लिए ही विश्व पुस्तक दिवस पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

ये विचार सांदीपनि शा. मॉडल स्कूल , सैलाना में विश्व पुस्तक दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य गिरीश सारस्वत ने व्यक्त किए । इसके साथ ही उन्होंने पुस्तक सुभाष चंद्र बोस की जीवनी ..के बारे में भी विद्यार्थियों से चर्चा की । इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों तथा शिक्षकों ने विद्यालय के पुस्तकालय में पढ़ी अपनी प्रिय पुस्तक के बारे में बताया।

विद्यार्थियों के साथ – साथ शिक्षिका किरण देदरा ने भी अपनी प्रिय पुस्तक राम चरित मानस , पद्मिनी डोडियार ने द मॉन्क हु सोल्ड हिज फरारी,ऋषिकांत देवड़ा ने विंग्स ऑफ फायर , सुरभि व्यास ने पंचतंत्र की कथाएं और पलक विश्वकर्मा ने रश्मि रथी और राग दरबारी की विषयवस्तु से विद्यार्थियों को परिचित करवाया । इस अवसर पर डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से विद्यार्थियों को पुस्तक निर्माण इतिहास से भी परिचित करवाया गया.
कार्यक्रम का संचालन श्वेता नागर ने किया और आभार सारिका मंडलोई ने माना।
Author: MP Headlines












