जनगणना मकान-2026 ने पकड़ी रफ्तार:करिया, सरवन में तहसीलदार शर्मा का औचक निरीक्षण, बोले— सही आंकड़े ही तय करेंगे विकास की दिशा

रतलाम/सैलाना। जनगणना मकान-2026 अभियान अब जिले में पूरी गति पकड़ चुका है। सैलाना विकासखंड के सरवन और करिया पंचायत क्षेत्र में प्रशासनिक अमले की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। इसी कड़ी में तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने गुरुवार और शुक्रवार को औचक निरीक्षण कर जनगणना कार्य की जमीनी हकीकत परखी। उनके अचानक दौरे से प्रगणकों और अधिकारियों में विशेष सतर्कता दिखाई दी।

तहसीलदार शर्मा ने घर-घर जाकर सर्वे कार्य का अवलोकन किया तथा ग्रामीणों से सीधे चर्चा कर दर्ज की जा रही जानकारी की पुष्टि भी की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनगणना केवल लोगों की गिनती नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों की विकास योजनाओं की मजबूत नींव है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, आवास और मूलभूत सुविधाओं की दिशा सही आंकड़ों से ही तय होती है, इसलिए प्रत्येक जानकारी निष्पक्ष और सटीक होना बेहद जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रगणकों को समयबद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित कार्य करने के निर्देश दिए। इस बार जनगणना कार्य पूरी तरह आधुनिक तकनीक से जुड़ा हुआ है। टैबलेट और मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन डेटा दर्ज किया जा रहा है, जिससे कार्य में तेजी आने के साथ पारदर्शिता और सटीकता भी बढ़ी है।

सरवन में हुए निरीक्षण के दौरान पटवारी भूपेंद्र चावड़ा, मास्टर ट्रेनर रवींद्र उपाध्याय एवं रुद्रेश, जनगणना सहायक रणजीत कसेरा, सुपरवाइजर आसिफ खान सहित अन्य प्रगणक मौजूद रहे। वहीं करिया पंचायत के नयाखेड़ा क्षेत्र में निरीक्षण के समय सुभाष चौहान, सविता कारपेंटर, कृष्णा परमार और बद्रीलाल चौहान सहित कई प्रगणक उपस्थित रहे।

एसडीएम तरुण जैन सतत कर रहे  मॉनिटरिंग
एसडीएम तरुण जैन ने भी जनगणना मकान कार्य की सतत मॉनिटरिंग की बात कहते हुए स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सही जानकारी देकर प्रशासन का सहयोग करें, ताकि विकास योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके। जिला प्रशासन ने दोहराया है कि जनगणना-2026 देश के भविष्य की योजना निर्माण प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है और इसमें हर नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

टंकी चौराहा बायपास हादसे पर नगरवासियों ने उठाई पूर्व विधायक गेहलोत से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग, जिला प्रमुख व महाप्रबंधक, एम.पी.आर.डी.सी. (MPRDC)“ को अवगत कराएं हादसे रोकने के इंतज़ाम जरूरी”

Read More »