सैलाना/रतलाम। रतलाम जिला कलेक्टर मिशा सिंह द्वारा दिनांक 16 मई 2026 को आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सैलाना अरुण जैन के मार्गदर्शन में तहसीलदार कुलभूषण शर्मा के नेर्तत्व में तहसील सैलाना में “सुलभ सुशासन दिवस” के अंतर्गत सराहनीय पहल की गई। बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में तहसील सैलाना एवं टप्पा शिवगढ़ क्षेत्र के 17 नामांतरण हितग्राहियों को आदेश अमल उपरांत अद्यतन खसरा नकल वितरित की गई।

इस दौरान किसानों को उनकी भूमि अभिलेख संबंधी दस्तावेज तत्काल उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर मिशा सिंह ने जिले के समस्त तहसीलदारों को निर्देशित किया है, कि जिन किसानों की भूमि का नामांतरण अथवा बंटवारा तहसील स्तर पर किया जा रहा है, उन्हें आदेश के अमल के साथ ही अद्यतन खसरा नकल भी प्रदान की जाए। प्रशासन का यह निर्णय राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और सुगमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

तहसील सैलाना में गत जनवरी माह से स्थानीय नागरिकों की राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु प्रत्येक बुधवार को “सुलभ सुशासन दिवस” मनाया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशों के पालन हेतु भी बुधवार का ही चयन किया गया। प्रशासन की इस पहल से कृषकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जनहितकारी कदम बताया। चयनित किसानों को दस्तावेद खसरा नकल प्रदान करते तहसीलदार सैलाना कुलभूषण शर्मा व टप्पा तहसीलदार शिवगढ़ रामकलेश साकेत, कार्यक्रम के संचालन में तहसीलदार कुलभूषण शर्मा सहित राजस्व विभाग का अमला उपस्थित था।
Author: MP Headlines












