स्टेट बैंक और जैन मंदिर के पास मुख्य बाजार में लाखों रुपए के सोने,चाँदी आभुषण ले गए,
CCTV खंगालने में जुटी पुलिस,
सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर में एक बार फिर चोरी की बड़ी वारदात सामने आने से व्यापारियों और नागरिकों में दहशत का माहौल बन गया है। नगर के सदर बाजार स्थित मुख्य मार्ग पर, स्टेट बैंक और जैन मंदिर के समीप स्थित प्रसिद्ध शत्रुंजय ज्वेलर्स को बीती रात चोरों ने निशाना बनाया।

जानकारी के अनुसार, चोर दुकान से कई कीमती सामान और जेवरात लेकर फरार हो गए। यह दुकान अनिल जैन उर्फ पप्पू सेठ खाचरोद वाले की बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे व्यापारी वर्ग में भारी चिंता का माहौल है, क्योंकि नगर के व्यस्ततम और व्यावसायिक क्षेत्र में इस प्रकार की चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। पुलिस द्वारा संदिग्धों की तलाश के लिए सर्चिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।

नगरवासियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से सैलाना में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे आमजन और व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। घटना ने एक बार फिर नगर की कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। एसडीओपी पुलिस सैलाना नीलम बघेल ने घटनास्थल का मुआयना कर दुकान संचालक से चर्चा की।
सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालु ने देखा खुला शटर
सनसनीखेज चोरी की यह वारदात गुरुवार सुबह करीब 3:15 बजे के आसपास हुई। सुबह लगभग 6 बजे जैन मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे गोपाल बैरागी निवासी बोदीना ने दुकान का शटर आधा खुला देखा। स्थिति संदिग्ध लगने पर उन्होंने तत्काल दुकान संचालक अनिल जैन को सूचना दी।
सैलाना में बढ़ती चोरी की वारदातों पर कांग्रेस ने जताई चिंता, पुलिस के सुस्त रवैये पर उठाए सवाल
सैलाना शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मांडोत ने चेतावनी देते हुए कहा हे कि पुलिस जल्द कीर्ति विहार कॉलोनी, मुख्य बाजार सहित अन्य चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं करती हे तो सैलाना शहर कांग्रेस के आह्वान पर सैलाना थाने का घेराव किया जाकर सैलाना बंद किया जाएगा जिसकी समस्त जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
Author: MP Headlines












