सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर के रंगवाड़ी मोहल्ला निवासी नारायण पाटीदार एवं गोपाल पाटीदार ने पुलिस थाना सैलाना में आवेदन देकर कुछ लोगों पर बंदूक की नोक पर जमीन खाली कराने का दबाव बनाने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस द्वारा आरोपियों का बचाव करने एवं धाराओं में कटौती करने को लेकर पाटीदार समाज के लोग देर रात थाने पर धरने पर बैठ गए।पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज करने के बाद धरना समाप्त हुआ।

फरियादियो ने आवेदन में बताया कि सैलाना स्थित कृषि भूमि सर्वे नंबर 1697/14 की करीब 2.500 हेक्टेयर भूमि वर्ष 2010 में इकरारनामे के जरिए खरीदी गई थी, जिस पर उनका परिवार पिछले करीब 30 वर्षों से कब्जे में होकर खेती कर रहा है। प्रार्थियों के अनुसार दो दिन पूर्व ही खेत के पूर्व मालिक पुखराज गोलेच्छा ने खेत पर पहुंचकर जमीन खाली करने का दबाव बनाया था। इसके बाद 25 मई 2026 को काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन से कुछ लोग खेत पर पहुंचे।
आरोप है कि इनमें से दो लोगों के हाथों में बंदूकें थीं तथा उन्होंने जमीन खाली नहीं करने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी। आवेदन में सुनील शर्मा पर जमीन दलाली करने तथा अन्य लोगों के साथ मिलकर दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। प्रार्थियों ने बताया कि आरोपियों ने स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए कहा कि वे कब्जे वाली जमीनें खाली करवाने का काम करते हैं।
प्रार्थियों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज करने, जान से मारने की धमकी देने के मामले में कार्रवाई करने तथा हथियारों के लाइसेंस निरस्त कराने की मांग की है। करीब आधे घंटे चले धरना प्रदर्शन में, पीड़ित परिवार एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार नगर के नेता गण सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।
Author: MP Headlines












