अब नहीं फिसलेंगे वाहन — कल्याण केदारेश्वर घाट पर सुरक्षा कवच बना रहा एमपीआरडीसी

सैलाना। मानसून आहट के पहले सचेत हुआ प्रशासन बरसात आते ही जहां कल्याण केदारेश्वर महादेव घाट रतलाम बांसवाड़ा रोड पर हर साल हादसों का डर राहगीरों और श्रद्धालुओं को सताने लगता था, वहीं इस बार लोगों को राहत मिलने जा रही है। सैलाना से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध कल्याण केदारेश्वर महादेव मंदिर घाट पर एमपीआरडीसी ने मानसून से पहले ही सुरक्षा इंतजामों का बड़ा अभियान शुरू कर दिया है, ताकि बारिश में फिसलन और दुर्घटनाओं पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

घाट पर इन दिनों युद्धस्तर पर सुरक्षा और सड़क सुधार कार्य किए जा रहे हैं। जगह-जगह मजबूत पत्थरों की रिटेनिंग वॉल बनाई जा रही है, क्रेट वर्क किया जा रहा है, टूट चुकी रेलिंग को फिर से मजबूत किया जा रहा है और क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत तेजी से चल रही है। साथ ही वाहन चालकों को सावधान करने के लिए नए स्पीड लिमिट बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं।

हर बारिश में बन जाता था खतरे का घाट
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान घाट की डामर सड़क बेहद फिसलन भरी हो जाती थी। तीखे मोड़ और गहरी ढलान के कारण कई बार वाहन चालक नियंत्रण खो बैठते थे, जिससे दुर्घटनाएं होती थीं। सावन माह में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और ग्रामीणों का आवागमन रहता है, इसलिए यह घाट लंबे समय से सुरक्षा की मांग कर रहा था।

“एक भी हादसा नहीं होने देंगे” — एमपीआरडीसी
एमपीआरडीसी के रोड प्रभारी नितीन भारद्वाज ने बताया कि पिछले वर्षों में बारिश के दौरान यहां कई हादसे हुए थे। इस बार विभाग ने पहले से तैयारी करते हुए सुरक्षा कार्य शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि रिटेनिंग वॉल बनने से पहाड़ी मलबा सड़क पर नहीं आएगा, जबकि मजबूत रेलिंग वाहनों को खाई में गिरने से बचाएगी। स्पीड लिमिट बोर्ड वाहन चालकों को गति नियंत्रित रखने के लिए जागरूक करेंगे।

कल्याण केदारेश्वर घाट पर सुरक्षा दीवार और रेलिंग निर्माण कार्य करते एमपीआरडीसी के कर्मचारी।

राहगीरों और श्रद्धालुओं को मिलेगा सुरक्षित सफर
घाट पर चल रहे इन कार्यों से अब लोगों को उम्मीद है कि बारिश के दिनों में यात्रा पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित होगी। क्षेत्रवासियों ने भी विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते किए जा रहे ये कार्य कई अनमोल जिंदगियां बचाने का काम करेंगे।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp