सैलाना में संवेदनाओं का शिविर: दिव्यांगजनों को मिले सहारे के नए पंख, 39 हितग्राही हुए लाभान्वित

सैलाना। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग जिला रतलाम तथा एएलआईएम को उज्जैन के संयुक्त तत्वावधान में जनपद पंचायत सैलाना परिसर में दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित कर उन्हें आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की ओर मजबूत कदम बढ़ाने का अवसर प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि शासन दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। ऐसे शिविर न केवल सहायता पहुंचाने का माध्यम हैं, बल्कि दिव्यांगजनों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास जगाने का कार्य भी करते हैं। अतिथियों ने सामाजिक न्याय विभाग, एएलआईएमको उज्जैन एवं डीडीआरसी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी आयोजनों को निरंतर जारी रखने पर बल दिया।

कार्यक्रम में विधायक कमलेश्वर डोडियार, जनपद अध्यक्ष कैलाशी रामचंद्र चारेल, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चंदू मईड़ा, मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर, जनपद सदस्य सुभाष भाभर, कालुसिंह जनपद सदस्य प्रतिनिधि, प्रभु भाभर, ओंकार खराड़ी, उपसंचालक, जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी रिया गेरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भेंट कर उनके उज्ज्वल एवं आत्मनिर्भर भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

शिविर में कुल 39 हितग्राहियों का चिन्हांकन किया गया था। इनमें 17 ट्राइसाइकिल, 2 व्हीलचेयर, 4 श्रवण यंत्र (हियरिंग मशीन), 6 छड़ियां सहित अन्य सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन के कार्यों में आसानी मिलेगी तथा उनकी सामाजिक और आर्थिक भागीदारी को नया बल मिलेगा।

कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि समाज और शासन के संयुक्त प्रयासों से दिव्यांगजन भी आत्मसम्मान और आत्मविश्वास के साथ मुख्यधारा में आगे बढ़ सकते हैं।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp