सैलाना की बेटी क्रांति जोशी ने इन्दौर में लहराया परचम, “मां देवी अहिल्या माता नगर गौरव पुरस्कार” से हुआ भव्य सम्मान

सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर की पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष एवं समाजसेविका क्रांति जोशी ने एक बार फिर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। गुरुवार को इन्दौर के ऐतिहासिक जाल सभागृह में आयोजित भव्य एवं गरिमामय समारोह में उन्हें समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण और धार्मिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित “मां देवी अहिल्या माता नगर गौरव पुरस्कार” से अलंकृत किया गया।

यह सम्मान उन्हें पूर्व मंत्री एवं प्रख्यात समाजसेविका ऊषा ठाकुर तथा पद्मश्री सम्मानित जनक पलटा के करकमलों से प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच क्रांति जोशी के कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की।

देवी अहिल्याबाई जन्म जयंती समारोह समिति द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में सामाजिक, धार्मिक एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य करने वाली चार प्रेरणादायी महिला विभूतियों को सम्मानित किया गया। इनमें सैलाना की क्रांति जोशी के साथ भारती कुशवाह, भारती ठाकुर और माधुरी यादव भी शामिल रहीं।

महिला शक्ति और धर्मसेवा का बना प्रेरणादायी प्रतीक
क्रांति जोशी को यह बड़ा सम्मान महिला सशक्तिकरण के लिए सतत कार्य करने तथा वनवासी क्षेत्रों में 27 मंदिरों के जीर्णोद्धार के संकल्प को लेकर मिला। वे अपनी टीम के साथ लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण मंदिरों के पुनर्निर्माण एवं धार्मिक चेतना जागृत करने के अभियान में जुटी हुई हैं।

इसके साथ ही वे अरिहंत महिला साख संस्था के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के मिशन में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनके इन अनुकरणीय कार्यों ने उन्हें समाज में एक प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित किया है।
समारोह में उन्हें शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र एवं एक लाख ग्यारह हजार रुपए की सम्मान राशि प्रदान कर गौरवान्वित किया गया।

कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष जयंत भिसे सहित कई गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी मौजूद रहे। क्रांति जोशी को मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान पर सैलाना सहित पूरे रतलाम जिले में हर्ष का माहौल है। अनेक जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यों से न केवल सैलाना बल्कि पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp