बदनावर। नगर के सबसे सुरक्षित जवाहर मार्ग पर कचहरी चौक के पास वरिष्ठ भाजपा नेता एवं राज्य मंडी बोर्ड के पूर्व डायरेक्टर राजेश अग्रवाल के निवास पर आज अल सुबह 5:30 बजे बाइक से आए तीन अज्ञात बदमाशों ने 15 मिनट में लाखों रुपए की चोरी को अंजाम दिया। चोरी का पता चलते ही नगर में हलचल मच गई। इससे पूर्व सुबह 5 बजे पेटलावद रोड पर अणुश्री कॉलोनी में सीमेंट व्यवसायी अनिल चोपड़ा के ऑफिस में घुसकर इन्हीं बदमाशों ने नकदी रुपए की चोरी की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अग्रवाल के निवास के डाइनिंग रूम में रखी अलमारी में से सोने चांदी की रकम, लक्ष्मी की मूर्ति अन्य बर्तन एवं नकदी पर हाथ साफ किया। करीब 50 लाख रुपए की चोरी का अनुमान है।

बदमाश चंदू सेठ की होटल के सामने अग्रवाल के मकान की पिछली साइड के दरवाजे का नकुचा काटकर ऊपरी मंजिल पर गए तथा अग्रवाल की माताजी एवं उनकी बेटी के कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए तथा डाइनिंग रूम में खुली अलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात व अन्य कीमती समान तथा नकदी लेकर 15 मिनट में फरार हो गए। बदमाशों के जाते समय उनके पास से चढ़ाव पर 500 की एक गड्डी तथा सोने की अंगूठी गिर गई। जो अग्रवाल को बाद में मिली।
वारदात की सुचना मिलते ही एसडीओपी अरविंदसिंह तोमर व टीआई अमित सिंह कुशवाह पुलिस कर्मियों के साथ निवास पर पहुंचे तथा मौका मुआयना कर चोरी की जानकारी ली। दोपहर में पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर तथा मुआयना किया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाया गया।
अग्रवाल की बेटी महक अग्रवाल ने पुलिस में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें बताया कि कल रात 12:30 बजे हम लोग सो गए थे। सुबह 6:30 पर मेरी दादी शोभा अग्रवाल ने मुझे आवाज दी कि छोटू बाहर जल्दी आ। घर के दरवाजे का ताला टूटा है तो मैंने अपने रूम का दरवाजा खोला तो वह बाहर से लगा था तो मैंने आवाज देकर दादी को बुलाया। जिन्होंने आकर दरवाजा खोला तो मैं बाहर आई। देखा कि डाइनिंग रूम का दरवाजा खुला था और लाइट चालू थी। कमरे में रखी लोहे की अलमारी भी खुली थी तथा उसका सारा सामान जमीन पर बिखरा हुआ था। फिर पापा राजेश अग्रवाल को उठाया और घटना की बात बताई तो वे डाइनिंग रूम में आए और देखा कि अलमारी में रखी मेरी मम्मी की सोने की लक्ष्मी की मूर्ति, सोने के कंगन, पोची, दो चैन, गठा हुआ मोती का हार सेट, अंगूठी, कान की बालियां, झुमकी, सोने के चार कुर्ते के बटन, चांदी के चार पूजा के लोटे, ग्लास, कटोरी, प्लेट, चांदी का आंवला सेट, 4 जोड़ी पायल, कटोरिया, प्लेट, इत्रदानी, चांदी के सिक्के तथा 1लाख 50 हजार रुपए नकद अलमारी में नहीं थे। जिन्हें अज्ञात व्यक्ति मेन गेट के दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे और अलमारी में से सोने चांदी की रकम, नकदी चुरा ले गए। राजेश अग्रवाल की धर्मपत्नी मंगलवार शाम को ही मायके गई थी तथा घर में परिवार के तीन सदस्य व एक महिला अटेंडेंस सोए थे।
इससे पूर्व करीब 5 बजे पेटलावद रोड पर अणुश्री कॉलोनी में सीमेंट व्यापारी अनिल कुमार पिता मांगीलाल चोपड़ा के निवास पर तीनों बाइक सवार बदमाश पहुंचे तथा ग्राउंड फ्लोर पर ऑफिस का दरवाजा तोड़कर टेबल की ड्राज में रखे 9500 रुपए चुरा ले गए। ऑफिस में रखी फाइलें तथा कागज भी अस्त व्यस्त कर दिए। सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया। जो बाद में अग्रवाल के यहां फेंक गए। उनका परिवार पहली मंजिल पर रहता है। खट खट की आवाज सुनकर अनिल चोपड़ा की नींद खुल गई और उन्होंने गैलरी में आकर चिल्लाए तो बदमाश बाइक स्टार्ट कर भागे। वहां से 2 मिनट में जवाहर मार्ग पर आकर अग्रवाल के यहां चोरी को अंजाम दिया। बाद में वे मोदी चौराहा से होते हुए फोरलेन पर भाग निकले।
Author: MP Headlines












