सैलाना। नगर की सामाजिक संस्था वी.डी. ग्रुप द्वारा शनिवार को लायन्स क्लब जावरा के सहयोग से विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 148 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। जांच के दौरान 30 मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, जिन्हें निःशुल्क ऑपरेशन की सलाह दी गई।

स्थानीय खाकी बाबा हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित शिविर में उपभोक्ता फोरम की अध्यक्ष जया संघवी, सुजानमल कोचट्टा, गोपाल सेठिया एवं समाजसेवी नगिन कुमार सकलेचा ने संबोधित करते हुए इस जनहितकारी पहल के लिए वी.डी. ग्रुप के संयोजक विशाल धाभाई की सराहना की।
आयोजक विशाल धाभाई ने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नेत्र परीक्षण के साथ-साथ सामान्य स्वास्थ्य जांच भी की गई। क्षेत्र के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शिविर का लाभ उठाया।

नेत्र परीक्षण के दौरान चिन्हित किए गए करीब 30 मोतियाबिंद मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन जावरा स्थित लायन्स नेत्र चिकित्सालय में कराया जाएगा। शिविर में जावरा से आई चिकित्सकीय टीम में संदीप झाला, विपुल पंवार, डॉ. दिनेश चौहान एवं पूरन सिंह राजपूत शामिल रहे।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश पटेल, आशा कसेरा, कुलदीप कुमावत, किशोर कसेरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines













