अवैध खनन पर विधायक डोडियार का आरोप, खनिज विभाग की भूमिका पर उठाए सवाल
सैलाना। शिवगढ़ क्षेत्र में कथित अवैध खनिज परिवहन को लेकर रविवार को विवाद की स्थिति बन गई। भारत आदिवासी पार्टी के विधायक कमलेश्वर डोडियार ने खेड़ा गांव के समीप बिना रॉयल्टी गिट्टी से भरे एक डंपर को पकड़े जाने का दावा करते हुए खनिज विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
विधायक डोडियार के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे उन्हें बिना रॉयल्टी गिट्टी से भरे डंपर के परिवहन की सूचना मिली, जिसके बाद उन्होंने राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन को मौके पर बुलाया। उनका आरोप है कि मामले की जानकारी देने के लिए जिला खनिज अधिकारी को कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

डोडियार ने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में डंपर को रोका गया। बाद में डंपर मालिक द्वारा रॉयल्टी संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए गए। विधायक का आरोप है कि कार्रवाई से बचने के लिए डंपर मालिक ने बाद में ताबड़तोड़ रॉयल्टी कटवाई, जिससे पूरे मामले में खनिज विभाग की भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है।
उन्होंने बताया कि जब कार्रवाई में देरी का कारण पूछा गया तो थाना प्रभारी ने बताया कि डंपर चालक वाहन की चाबी लेकर मौके से फरार हो गया। इस पर विधायक ने सवाल उठाया कि जब पुलिसकर्मी और डायल-112 की टीम मौके पर मौजूद थी, तब चालक कैसे भाग गया।
विधायक ने यह भी प्रश्न उठाया कि शिवगढ़-बाजना मार्ग पर खड़े कथित अवैध गिट्टी से भरे डंपर पर आखिर कार्रवाई कौन करेगा। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन और खनिज परिवहन की शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन संबंधित विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा।

मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज विधायक कमलेश्वर डोडियार रविवार शाम करीब 4:45 बजे से शिवगढ़ थाने में धरने पर बैठ गए। उनके साथ भारत आदिवासी पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी धरने में शामिल हैं।
विधायक ने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
Author: MP Headlines

















