Skip to main content

MP Headlines

वार्ड क्रमांक 6 के रहवासियों ने सीसी रोड एवं नाली निर्माण की मांग उठाई

सैलाना। नगर परिषद सैलाना के वार्ड क्रमांक 6 के रहवासियों ने क्षेत्र में सीसी रोड एवं नाली निर्माण की मांग को लेकर नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नागरिकों ने हनुमान मंदिर से बायपास टंकी चौराहा तक सड़क एवं नाली निर्माण की आवश्यकता बताते हुए शीघ्र कार्यवाही की मांग की।

रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र में सड़क एवं नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने से विशेषकर बरसात के दिनों में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव हो जाता है, जिससे आवागमन बाधित होता है। नाली के अभाव में गंदा पानी सड़कों पर बहता रहता है, जिससे गंदगी फैलने के साथ-साथ बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। कई स्थानों पर जलभराव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है, जिससे वार्डवासियों में असंतोष व्याप्त है। नागरिकों ने नगर परिषद से जनहित में शीघ्र सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य स्वीकृत कर शुरू कराने की मांग की है। इस अवसर पर वार्ड के अनेक रहवासियों ने आवेदन पर हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई तथा नगर परिषद से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की।

MP Headlines
Author: MP Headlines