हर इच्छुक छात्र को प्रवेश देने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
सैलाना। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत ने सैलाना के बड़े सरकारी स्कूलों द्वारा विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं दिए जाने के मामले को गंभीर बताते हुए इसे छात्र हितों के खिलाफ बताया है। उन्होंने मांग की है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने के इच्छुक प्रत्येक विद्यार्थी को प्रवेश दिया जाए तथा उन्हें निजी स्कूलों की ओर धकेलने की प्रवृत्ति तत्काल बंद की जाए।

जारी बयान में गेहलोत ने कहा कि नगर के दोनों सांदीपनि विद्यालयों तथा पीएम श्री कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में इन दिनों बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों के साथ प्रवेश के लिए भटकते नजर आ रहे हैं। शिक्षक-छात्र अनुपात, स्थान की कमी और अन्य कारणों का हवाला देकर विद्यार्थियों को प्रवेश से वंचित किया जा रहा है, जो निंदनीय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बेहतर परिणाम दिखाने और अतिरिक्त जिम्मेदारी से बचने के लिए कुछ संस्था प्रमुख इस प्रकार की नीति अपना रहे हैं। एक ओर सरकार आदिवासी अंचल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर सरकारी स्कूलों में प्रवेश नहीं मिलने से बच्चों को शिक्षा के अधिकार से वंचित किया जा रहा है।
गेहलोत ने कहा कि यदि किसी प्रवेश नीति के कारण बच्चे सरकारी विद्यालयों में पढ़ने से वंचित रह जाते हैं, तो ऐसी नीति पर पुनर्विचार होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि प्रतिदिन 25 से 30 विद्यार्थी प्रवेश के लिए स्कूलों के चक्कर काटते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से कई मजबूरी में निजी स्कूलों में प्रवेश ले रहे हैं, जबकि कुछ ऐसे विद्यालयों में जाने को विवश हैं जहां वे पढ़ना नहीं चाहते।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सभी पात्र विद्यार्थियों को प्रवेश देने की व्यवस्था नहीं की गई तो कांग्रेस छात्र हित में बड़ा जन आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। गेहलोत ने कहा कि प्रत्येक इच्छुक विद्यार्थी को प्रवेश मिलने तक कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी।
Author: MP Headlines












