सैलाना। सैलाना के वरिष्ठ मीसा बन्दी 94 वर्षीय शांतिलाल संघवी को भोपाल में आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅक्टर मोहन यादव ने सम्मानित किया। मूलतः सैलाना निवासी संघवी इन दिनों इन्दौर में निवासरत हैं। वे आपातकाल के दौरान पूरे 19 माह जेल में रहे थे।

मीसा बंधु के नाम से प्रसिद्ध संघवी को अप्रैल के दूसरे सप्ताह में उनके साथ जेल में रहे तपन भौमिक ने खुद इंदौर स्थित उनके निवास पर इस कार्यक्रम का निमंत्रण दिया था। इस आत्मीय मुलाकात में दोनों ने आपातकाल के जेल के दिनों की कठिनाइयों पर चर्चा की थी।
26 जून को राजधानी भोपाल में आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदेश के सभी लोकतंत्र सेनानियों को सरकार के मुखिया यादव ने सम्मानित किया और देश,प्रदेश के नवनिर्माण में इन सभी की भूमिका की जमकर सराहना की। इसी समारोह में संघवी को भी शाल,श्रीफल,और स्मृति चिन्ह से नवाजा गया। संघवी को उनके दोनों पुत्रों प्रवीण,प्रदीप और पौत्र सिध्दार्थ भोपाल ले गए थे।उन्होंने बताया कि समारोह में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, लोकतंत्र सेनानी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सोनी, कप्तान सिंह सोलंकी,तपन भौमिक,डॉक्टर महेंद्र सिंह आदि सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित थे।
सबको पहचाना और चर्चा की
94 वर्षीय संघवी की स्मृति अब पहले जैसी नहीं रही।उनके पुत्र और पौत्र बताते हैं कि इसके बावजूद उन्होंने न केवल मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री से बल्कि अपने पुराने साथियों को भी पहचान का सभी से आत्मीय चर्चा की।उनकी बातचीत का मुख्य मुद्दा आपातकाल के वे कठिन दिन ही थे।
Author: MP Headlines













