व्यापारी संगठनों के सहयोग से नगर के बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे हुए चालू

सैलाना (निप्र)। सैलाना नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लगे कई सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से तकनीकी खराबी और उचित रखरखाव के अभाव में बंद पड़े थे। हाल के दिनों में नगर में हुई चोरी एवं अन्य संगीन घटनाओं की जांच के दौरान कैमरे बंद होने से पुलिस को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा तथा कई मामलों में व्यापारियों द्वारा लगाए गए निजी कैमरों की सहायता लेनी पड़ी। इस संबंध में जानकारी मिलने पर नगर के व्यापारी संगठनों ने पुलिस प्रशासन को कैमरों की मरम्मत में सहयोग देने की पेशकश की। इसके बाद पुलिस द्वारा नगर के प्रमुख स्थानों पर स्थापित 24 सीसीटीवी कैमरों एवं उनकी लाइन को दुरुस्त कराया गया।

कैमरों की मरम्मत में हुए व्यय के लिए सैलाना मंडी व्यापारी एसोसिएशन, खाद-बीज-दवाई विक्रेता संघ, किराना व्यापारी संघ तथा सर्राफा एसोसिएशन ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने सभी व्यापारी संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए नगर में अतिरिक्त कैमरों की आवश्यकता भी बताई। इस पर व्यापारी संगठनों ने आश्वस्त किया कि पुलिस आवश्यक कैमरों का एस्टीमेट तैयार कर दे, व्यापारियों की ओर से भविष्य में भी सहयोग जारी रहेगा। वहीं, सैलाना अभिभाषक संघ ने भी इस कार्य के लिए 10 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर मंडी व्यापारी संघ अध्यक्ष इंद्रेश चंडालिया, नवदीप मेहता, प्रीतेश लोढ़ा, खाद-बीज-दवाई संघ अध्यक्ष जानकीदास बैरागी, बुरहान लुकमानी, निखिल माहेश्वरी, किराना संघ अध्यक्ष संजय मांडोत, सर्राफा एसोसिएशन से जितेंद्र रांका, महेंद्र ग्वालियरी तथा अभिभाषक निरंजन गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग
कैमरे चालू होने के बाद थाना प्रभारी द्वारा व्यापारियों को थाने में स्थापित मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से नगर के सीसीटीवी नेटवर्क की जानकारी दी गई। इस दौरान व्यापारियों ने एकमत से कहा कि नगर के मुख्य बाजार में कुछ युवाओं द्वारा तेज गति से मोटरसाइकिल चलाते हुए स्टंट किए जाते हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। व्यापारियों ने पुलिस से बिना किसी दबाव के ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इस पर थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि पुलिस जल्द ही इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करेगी।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp