NEET में 661 अंक लाने वाले प्रिंस चन्द्रावत का हुआ भव्य सम्मान

  • ‘Well Done Champs’ अभियान के तहत युवा मोर्चा ने बढ़ाया हौसला
  • तालीदाना के होनहार छात्र ने जिले का बढ़ाया मान,
  • घर पहुंचकर युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सोनी ने किया सम्मान और उज्ज्वल भविष्यकी की कामना

रतलाम/सैलाना। प्रतिभाओं का सम्मान समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला होता है। इसी भावना को साकार करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा, मध्यप्रदेश द्वारा संचालित “Well Done Champs” अभियान के अंतर्गत रतलाम जिले के तालीदाना गाँव निवासी होनहार छात्र प्रिंस चन्द्रावत का उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन पर सम्मान किया गया।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के निर्देशानुसार आयोजित इस सम्मान कार्यक्रम में युवा मोर्चा के पदाधिकारी प्रिंस चन्द्रावत के निवास पहुंचे। प्रिंस ने NEET-2026 परीक्षा में 661 अंक अर्जित कर न केवल अपने परिवार और गाँव, बल्कि पूरे रतलाम जिले का गौरव बढ़ाया है।

युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अनुकूल सोनी ने उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उन्हें प्रशस्ति पत्र भेंट कर, शाल एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सहित समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे। सभी ने प्रिंस की सफलता को जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।

वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का समय-समय पर सम्मान करना न केवल उनकी मेहनत का सम्मान है, बल्कि अन्य युवाओं को भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। “Well Done Champs” अभियान का उद्देश्य प्रदेश की ऐसी युवा प्रतिभाओं को पहचान देना और उनके मनोबल को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना है।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने प्रिंस चन्द्रावत को भविष्य में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएँ देने की शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आने वाले समय में जिले और प्रदेश का नाम  रोशन करेंगे।

MP Headlines
Author: MP Headlines