उज्जैन सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष बने वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश अग्रवाल

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच मध्यप्रदेश शासन ने उज्जैन के वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश अग्रवाल को सिंहस्थ मेला प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया है। शासन की ओर से बुधवार देर शाम नियुक्ति संबंधी आदेश जारी किया गया। जगदीश अग्रवाल लंबे समय से भाजपा से जुड़े हैं। वे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और भाजपा के नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली है।

सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष की नियुक्ति से अब सिंहस्थ 2028 की तैयारियों में प्रशासनिक और संगठनात्मक स्तर पर समन्वय और तेज होने की उम्मीद है। फिलहाल संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह के नेतृत्व में स्थानीय प्रशासन पूर्व तैयारियों, विभागीय समन्वय और बैठकों का काम संभाल रहा है।

अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद शासन और प्रशासन के बीच समन्वय से जुड़े कामों को गति मिलने की संभावना है। सिंहस्थ के लिए स्थायी और अस्थायी अधोसंरचना, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आने वाले समय में तैयारियां और तेज होंगी।

राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ
जगदीश अग्रवाल को उज्जैन विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी संभालने का अनुभव रहा है। ऐसे में शहर के विकास और स्थानीय प्रशासन से जुड़े मामलों की उनकी समझ को सिंहस्थ की तैयारियों में उपयोगी माना जा रहा है। सिंहस्थ 2028 को लेकर उज्जैन में बड़े स्तर पर विकास और निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, जिसके लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय महत्वपूर्ण होगा।

MP Headlines
Author: MP Headlines