Skip to main content

MP Headlines

स्कूल में नेतृत्व का संकल्प, विद्यार्थियों ने ली जिम्मेदारी की शपथ

इन्वेस्टिचर समारोह में चारों हाउस लीडर्स को प्रदान किए बैज, विद्यार्थियों को अनुशासन और कर्तव्यबोध का संदेश

सैलाना। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सैलाना के एक निजी स्कूल में गरिमामय इन्वेस्टिचर समारोह आयोजित किया गया। समारोह में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष  जगदीश पाटीदार एवं कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर प्रशांत दवे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के नेतृत्व कौशल, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना को विकसित करने का संदेश दिया गया।

समारोह के दौरान विद्यालय के चार हाउस ज्ञान, वाणी, लक्ष्य एवं तेजस के हाउस लीडर्स को मुख्य अतिथियों द्वारा बैज प्रदान कर नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई। विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती प्रीतिका पाठक ने चयनित विद्यार्थियों को उनके पद एवं दायित्वों के प्रति निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यबोध के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई।

विद्यालय में हाउस सिस्टम शुरू करने का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और निर्णय लेने की दक्षता को विकसित करना है, ताकि विद्यार्थी भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करते हुए जिम्मेदार नागरिक बन सकें। HOD श्रीमती नेहा पाटीदार ने चारों हाउस की संरचना एवं उनके उद्देश्यों की जानकारी दी।

मुख्य अतिथि डॉ.प्रशांत दवे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी Generation Alpha का हिस्सा हैं और यही विद्यार्थी भविष्य के भारत का निर्माण करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी क्षमताओं को पहचानने, निरंतर सीखने तथा नई चुनौतियों को अवसर के रूप में स्वीकार करते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन मिस ऋषिका शर्मा ने किया। अंत में दिव्यांश पाठक ने आभार व्यक्त किया। समारोह में विद्यालय का संपूर्ण स्टाफ उपस्थित रहा।

MP Headlines
Author: MP Headlines