सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर में शीतला माता भक्त मंडली के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा पाठ के दौरान नगर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन हो रहे हैं। संगीतमय भजनों और कथा प्रसंगों से वातावरण धर्ममय हो रहा है।

आयोजन के दौरान कथा वाचक पंडित कुलदीप गुरु राज भट्ट द्वारा श्रीमद्भागवत कथा के विभिन्न प्रसंगों का सुंदर एवं भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, संस्कार एवं सदाचार का संदेश दिया जा रहा है। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भजनों पर भाव-विभोर होकर भगवान का स्मरण करते नजर आए।
इस अवसर पर समाजसेवी अशोक चण्डालिया, युगल किशोर राठौड़, भारत डेढ़क सहित अन्य श्रद्धालुओं ने कथा वाचक पंडित कुलदीप गुरु राज भट्ट का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। सम्मान के दौरान श्रद्धालुओं ने कथा वाचक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सराहना की।
भक्त मंडली द्वारा सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजन स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक पहुंचकर कथा का श्रवण कर रहे हैं। मंडली द्वारा श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने का आग्रह किया गया है।



