Skip to main content

MP Headlines

स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं के समाधान की पहल, सैलाना में जनसुनवाई में पहुंचे 13 आवेदन

सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना अनु विभाग में मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित करीब 13 आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई में मौजूद संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों को आवेदनों को आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण के लिए सौंपा गया। अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

हर मंगलवार दो घंटे होगी जनसुनवाई
जिला प्रशासन की विकेंद्रीकृत व्यवस्था के तहत प्रत्येक मंगलवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य नागरिकों को जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता कम करना और उनकी समस्याओं को स्थानीय स्तर पर ही संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर उपलब्ध कराना है।

कलेक्टर अजय कटेसरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर पात्र प्रकरणों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही आवेदकों को उनके प्रकरण में हुई कार्रवाई एवं निराकरण की स्थिति से अवगत कराने पर भी जोर दिया गया है।

सैलाना-बाजना में स्थानीय स्तर पर होगी सुनवाई
विकेंद्रीकृत जनसुनवाई व्यवस्था के तहत सैलाना अनुविभाग में एसडीएम द्वारा जनसुनवाई का नेतृत्व किया जाएगा। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार एसडीएम एक सप्ताह अपने कार्यालय में तथा अगले सप्ताह बाजना जनपद पंचायत कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे। जिस सप्ताह किसी केंद्र पर एसडीएम की उपस्थिति नहीं होगी, वहां निर्धारित अधिकारी जनसुनवाई का संचालन करेंगे।

इस व्यवस्था से सैलाना और बाजना क्षेत्र के ग्रामीणों एवं आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिलेगा। प्रशासन का मानना है कि इससे शिकायतों की सुनवाई और उनके निराकरण की प्रक्रिया अधिक सुलभ, जवाबदेह और प्रभावी होगी।

जनसुनवाई बनेगी प्रशासन और नागरिकों के बीच मजबूत कड़ी
विकेंद्रीकृत जनसुनवाई का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करना है। संबंधित विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में आवेदनों को सीधे सौंपे जाने से प्रकरणों में कार्रवाई की गति बढ़ने की उम्मीद है। प्रत्येक मंगलवार होने वाली जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन नागरिकों के और करीब पहुंचकर उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने की दिशा में प्रभावी पहल कर रहा है।

MP Headlines
Author: MP Headlines