सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर के स्थानीय वैष्णव बैरागी कॉलोनी में गुरुवार को शुभ मुहूर्त में सकल महिला मंडल के द्वारा नवनिर्माणाधीन शीतला माता मंदिर में शिव पंचायत की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा समारोह श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। आचार्य पंडित जितेंद्र नागर के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की गई।

प्रातः शुभ मुहूर्त में शिव पंचायत की प्राण प्रतिष्ठा एवं पूजा-अर्चना का शुभारंभ हुआ। इस दौरान सात यजमानों ने यज्ञ में आहुतियां देकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता की। दोपहर बाद मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिव पंचायत में भगवान शिव, मां दुर्गा, सूर्यनारायण, भगवान विष्णु एवं भगवान गणेश की प्रतिमाओं की विधि-विधान से स्थापना की गई।
आचार्य पंडित जितेंद्र नागर ने बताया कि शिव पंचायत की प्राण प्रतिष्ठा धार्मिक विधि-विधान एवं वैदिक परंपरा के अनुसार संपन्न कराई गई। प्रतिमाओं की स्थापना के लिए पूर्व में बोली भी लगाई गई थी। शिव पंचायत की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा समाजसेवी निलेश गोलेछा द्वारा की गई।
इस अवसर पर पार्षद मंगलेश कसेरा ने मंदिर निर्माण एवं कलश स्थापना में हरसंभव सहयोग करने की बात कही। कार्यक्रम के समापन पर महाआरती की गई तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
समारोह में पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष क्रांति जोशी, नगर परिषद उपाध्यक्ष सुनीता पाठक, लक्ष्मीकांत शर्मा, भेरूलाल बलसोरा, सुरेश सोलंकी सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी एवं धर्मालुजन उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines






